राजस्थान: नागौर में पटाखा गोदाम में भीषण धमाका, 2 लोगों की मौके पर मौत
राजस्थान के नागौर में पटाखा गोदाम में जोरदार धमाका हुआ। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। धमाके के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल ब्लास्ट की वजह सामने नहीं आई है।

राजस्थान के नागौर में गुरुवार को पटाखा गोदाम में जोरदार धमाका हो गया। बड़ली इलाके में हुए इस ब्लास्ट में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। धमाके के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।
दोनों मृतक नागौर शहर के निवासी
जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोग नागौर शहर के बनबाजारवाड़ा इलाके के निवासी थे। दोनों के शव एंबुलेंस से जेएलएन अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाए गए हैं।
घटना की सूचना मिलने पर नागौर वृत्ताधिकारी जतिन जैन, तहसीलदार नरसिंह टाक और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचे। फिलहाल धमाके के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच में जुटी है।




















