टर्बुलेंस फ्लाइट के पायलट का डोप टेस्ट निकला पॉजिटिव, फुकेट-दिल्ली आने के दौरान 300 फीट नीचे गिरा था विमान

एअर इंडिया की फुकेट-दिल्ली फ्लाइट एआई 2379 से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। कुछ दिनों पहले उड़ान के दौरान तेज टर्बुलेंस की वजह से विमान करीब 300 फीट नीचे आ गया था। इस घटना के बाद नियमों के तहत फ्लाइट में मौजूद दोनों पायलटों का डोप टेस्ट कराया गया। सूत्रों के मुताबिक, दोनों में से एक पायलट का डोप टेस्ट पॉजिटिव आया है। मामले की जांच पूरी होने तक दोनों पायलटों को ड्यूटी से हटा दिया गया है। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी डीजीसीए कर रहा है।
डीजीसीए कर रहा मामले की जांच
टर्बुलेंस की घटना के बाद पायलटों का परीक्षण तय नियमों के तहत किया गया था। अब डोप टेस्ट के नतीजे सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, पहले डीजीसीए अपनी जांच पूरी करेगा। इसके बाद जांच रिपोर्ट के आधार पर यह तय किया जाएगा कि मामले की आगे की जांच विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो यानी एएआईबी से कराने की जरूरत है या नहीं। फिलहाल दोनों पायलटों को ड्यूटी से हटाया गया है और जांच के दौरान सामने आने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
ये भी पढ़ें: JPSC-JSSC विवाद में बड़ा अपडेट, 14वीं PT रद्द करने पर विचार? 16वें दिन भी जारी छात्रों का आंदोलन
एअर इंडिया ने नतीजों पर क्या कहा?
एअर इंडिया ने डोप टेस्ट के पॉजिटिव नतीजे की पुष्टि नहीं की है। एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि नियमों के अनुसार फ्लाइट के बाद दोनों पायलटों का स्क्रीनिंग टेस्ट किया गया था, लेकिन टेस्ट के नतीजे एअर इंडिया के साथ साझा नहीं किए गए हैं। कंपनी ने कहा कि ऐसे में वह डोप टेस्ट के नतीजों को लेकर फिलहाल कोई दावा या टिप्पणी करने की स्थिति में नहीं है। एअर इंडिया के मुताबिक, कंपनी नागरिक उड्डयन नियमों के तहत अपने क्रू सदस्यों का नियमित ड्रग टेस्ट भी कराती है। जरूरत पड़ने पर एयरलाइन जांच कर रहे अधिकारियों को पूरा सहयोग देगी।
टर्बुलेंस के दौरान विमान करीब 300 फीट नीचे आया
दरअसल, 4 अगस्त को एअर इंडिया की फुकेट से दिल्ली आ रही एआई 2379 फ्लाइट में उड़ान के दौरान तेज टर्बुलेंस हुआ था। टर्बुलेंस इतना तेज था कि विमान अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गया। इस घटना के बाद कई यात्रियों को परेशानी हुई। करीब 24 यात्रियों को मेडिकल मदद के लिए अस्पताल ले जाया गया था। नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने बताया था कि इनमें से ज्यादातर यात्रियों को शुरुआती कुछ घंटों में ही अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।
ये भी पढ़ें: इस्तीफे के बाद पहली बार बोले धर्मेंद्र प्रधान, NEET प्रदर्शन को लेकर किया बड़ा दावा, बोले- 'Gen Z को गुमराह...'
जांच के बाद साफ होगी पूरी तस्वीर
फ्लाइट में हुई टर्बुलेंस की घटना और एक पायलट के कथित डोप टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद मामले की गंभीरता बढ़ गई है। हालांकि, अभी टेस्ट के नतीजों की आधिकारिक पुष्टि एअर इंडिया की ओर से नहीं की गई है। डीजीसीए की जांच के बाद ही यह साफ होगा कि घटना के पीछे क्या वजह थी और पायलटों के खिलाफ आगे किसी तरह की कार्रवाई की जरूरत है या नहीं।












