मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-ग्रामीणों की समस्याएं सुनने पहुंचे अधिकारी, आंगनबाड़ी में मिली गड़बड़ी

छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत अधिकारियों के ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर जनसमस्याएं सुनने का सिलसिला शुरू हो गया है। अभियान के पहले दिन शुक्रवार, 14 अगस्त को ग्राम पंचायत छिन्दी, जनपद पंचायत तामिया में खंड स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर हरेंद्र नारायण, पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय और सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार ने शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा
शिविर में छिन्दी, चोपना, चौराडोंगरी और बिजोरी पठार ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और शिकायतों की जानकारी ली। इस दौरान सीएम हेल्पलाइन से संबंधित शिकायतों के निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।
आंगनबाड़ी केंद्र में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
अभियान के तहत कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय और सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार के साथ आंगनबाड़ी केंद्र बड्डाढाना का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्र के संचालन, बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और पोषण आहार व्यवस्था की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान टीएचआर में दाल निर्धारित अनुपात में नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और संबंधित एसएचजी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
एलईडी टीवी का उपयोग नहीं होने पर नोटिस के निर्देश
निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में एलईडी टीवी उपलब्ध होने के बावजूद उसका रिमोट नहीं मिला। बच्चों के लिए टीवी का उपयोग भी नहीं किया जा रहा था। इस पर कलेक्टर ने संबंधित सुपरवाइजर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने केंद्र की व्यवस्थाओं में सुधार के साथ उपलब्ध संसाधनों का बच्चों के हित में प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें: IAS नेहा मराव्या के खिलाफ अधिकारी-कर्मचारी सड़क पर उतरे, अभद्र व्यवहार और अनावश्यक दबाव का लगाया आरोप












