Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल में निकली 32 किमी लंबी तिरंगा यात्रा: सीएम डॉ. मोहन यादव ने दिखाई हरी झंडी, मुख्यमंत्री बोले- आज का भारत दुश्मन के घर में घुसकर मारता है

भोपाल में कोलार से संत नगर तक 32 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विधायक रामेश्वर शर्मा शामिल हुए। तिरंगा यात्रा में देशभक्ति के साथ अखंड भारत, युवाओं की भूमिका और नशामुक्ति का संदेश दिया गया।
भोपाल में निकली 32 किमी लंबी तिरंगा यात्रा: सीएम डॉ. मोहन यादव ने दिखाई हरी झंडी, मुख्यमंत्री बोले- आज का भारत दुश्मन के घर में घुसकर मारता है
भोपाल में निकली 32 किमी लंबी तिरंगा यात्रा

भोपाल। कर्मश्री की तिरंगा यात्रा कोलार सिक्स लेन स्थित मदर टेरेसा स्कूल के सामने से शुरू हुई। यात्रा का समापन संत नगर के भैंसाखेड़ी मंडी में हुआ, जिसमें करीब एक लाख नागरिकों के शामिल होने का दावा किया गया। आयोजकों के मुताबिक, यात्रा के लिए करीब 50 हजार वाहनों का पंजीयन हुआ और मार्ग पर 1100 से अधिक स्वागत मंच बनाए गए। इस दौरान मुख्यमंत्री और विधायक ने युवाओं से राष्ट्र, संविधान और देश के प्रति जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

'आज का भारत बहुत मजबूत'

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत अब इतना मजबूत हो चुका है कि वह अपने दुश्मनों से निपटने के लिए उनकी सीमा में जाकर कार्रवाई करने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और इजराइल के बाद भारत ने भी दुश्मन के इलाके में जाकर कार्रवाई करने का दम दिखाया है। मुख्यमंत्री ने विभाजन के दर्द का जिक्र करते हुए पाकिस्तान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बंटवारे के समय लाखों लोग विस्थापित हुए और करोड़ों लोगों को अपना सब कुछ छोड़ना पड़ा। अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं और भारत लगातार अपनी ताकत बढ़ा रहा है।

'लाहौर, ढाका और कराची को नहीं भूला भारत'

विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि हिंदुस्तान ने अपने पुराने हिस्सों लाहौर, ढाका और कराची को नहीं भुलाया है। उन्होंने कहा कि आज नहीं तो कल का सूरज वहीं उगेगा और लाहौर, ढाका में तिरंगा फहराकर वंदे मातरम् गाया जाएगा। विधायक शर्मा ने युवाओं से संविधान, लोकतंत्र, राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के प्रति सजग रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए युवाओं में बलिदानी क्रांतिकारियों जैसा जज्बा होना चाहिए। उन्होंने युवाओं को देश की ताकत बताते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।

युवा शक्ति से प्रदेश को नई ऊंचाई देने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है और मध्यप्रदेश भी युवा आबादी वाला राज्य है। सरकार युवा, महिला, किसान और गरीबों के कल्याण के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को अपनी क्षमता पहचानकर प्रदेश को नई ऊंचाई तक ले जाने के लिए अवसर देना है। इसी के साथ सीएम मोहन यादव ने कहा देश की प्रगति में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना जरूरी है।

नशामुक्त युवा का भी दिया संदेश

रामेश्वर शर्मा ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने खुदीराम बोस, अशफाक उल्ला खान, रानी लक्ष्मीबाई, मंगल पांडे और भगत सिंह जैसे क्रांतिकारियों के जज्बे का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि इन वीरों ने अपने बलिदान से आजादी की लड़ाई को नई दिशा दी। तिरंगा यात्रा के सेल्फी पॉइंट पर भी Gen-Z Against Addiction और नशा मुक्त युवा का संदेश प्रदर्शित किया गया।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts