Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP Weather Update : तेज बारिश से प्रदेश बेहाल, कई जिलों में भारी बारिश; ग्वालियर समेत 16 में बाढ़ जैसे हालात, स्कूलों की छुट्टी

MP Weather Update : तेज बारिश से प्रदेश बेहाल, कई जिलों में भारी बारिश; ग्वालियर समेत 16 में बाढ़ जैसे हालात, स्कूलों की छुट्टी
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। मध्य प्रदेश में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। शुक्रवार को छतरपुर, टीकमगढ़, सतना, गुना, ग्वालियर समेत 16 जिलों में तेज बारिश हुई, जिससे गांवों में पानी भर गया और कई डैम ओवरफ्लो हो गए। शनिवार को भी मौसम विभाग ने इन जिलों में बाढ़ का खतरा जताया है।

    किन जिलों में है बाढ़ का खतरा?

    शनिवार, 19 जुलाई को ग्वालियर, छतरपुर, दमोह, कटनी, पन्ना, सागर, सतना, टीकमगढ़, अशोकनगर, दतिया, गुना, मुरैना, राजगढ़, श्योपुर, शिवपुरी और विदिशा में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। लगातार बारिश से निचले इलाकों में पानी भर गया है और कई सड़कों पर यातायात भी बाधित हुआ है।

    14 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

    मौसम विभाग ने आज ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, आगर-मालवा, राजगढ़, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, डिंडौरी और अनूपपुर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अगले 24 घंटों में 4.5 इंच तक बारिश हो सकती है।

    स्कूलों की छुट्टी

    शिवपुरी जिले में तेज बारिश के चलते शनिवार को नर्सरी से 12वीं तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। शुक्रवार को भी टीकमगढ़, सतना, डिंडौरी, मऊगंज में स्कूल बंद रहे। छतरपुर जिले में तेज बारिश के कारण दो मकान गिर गए, जिनमें दो लोगों की मौत हो गई और एक महिला घायल हुई।

    एम्बुलेंस बही, पुल पर 3 फीट पानी

    छतरपुर के बमीठा-झांसी फोरलेन पर एक एम्बुलेंस बह गई, हालांकि ड्राइवर को सुरक्षित बचा लिया गया। टीकमगढ़ में पूनौल नाले में पानी उफान पर रहा, जिससे झांसी हाईवे पर ट्रैफिक बंद कराना पड़ा। कई गांवों में लोग फंसे हुए हैं और राहत कार्य जारी हैं।

    ओवरफ्लो हुए डैम, खोले गए गेट

    छतरपुर में रनगुवां डैम के 12, कुटनी के 7 और लहचूरा डैम के 13 गेट खोलकर पानी छोड़ा गया। शिवपुरी में मड़ीखेड़ा अटल सागर बांध के 2 गेट खोले गए हैं। इससे आसपास के गांवों में पानी भर गया है।

    सामान्य से 70% ज्यादा बारिश, 511 मिमी रिकॉर्ड

    इस मानसून सीजन में अब तक मध्यप्रदेश में औसतन 511 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्य 300.7 मिमी थी। यानी अब तक 70% ज्यादा बारिश हो चुकी है। पूर्वी मध्यप्रदेश में मानसून ने विशेष मेहरबानी दिखाई है।

    जिला अतिरिक्त बारिश (%)
    निवाड़ी 295%
    छतरपुर 234%
    श्योपुर 225%
    टीकमगढ़ 231%
    ग्वालियर 181%
    शिवपुरी 188%

    कब मिलेगी राहत?

    मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, शनिवार को तेज बारिश के बाद रविवार से सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर होगा। हालांकि रविवार और सोमवार को भी हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। 20 और 21 जुलाई को पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

    प्रशासन ने बाढ़ संभावित इलाकों में राहत और बचाव टीमें तैनात कर दी हैं। नदी-नालों के आसपास न जाने की चेतावनी दी गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में जहां भी पानी भर गया है, वहां राहत सामग्री और सुरक्षित स्थानों पर शिफ्टिंग की व्यवस्था की जा रही है।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts