Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सोहागपुर में नवविवाहिता की मौत से उठे सवाल, अब SDOP करेंगे जांच

मध्य प्रदेश के सोहागपुर के ग्राम निवारी में 24 वर्षीय नवविवाहिता उमा रघुवंशी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शादी को करीब एक साल हुआ था। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की है। मामले में नमूना भोपाल भेजा जाएगा और आगे की जांच एसडीओपी करेंगे।
सोहागपुर में नवविवाहिता की मौत से उठे सवाल, अब SDOP करेंगे जांच
निवारी में 24 वर्षीय नवविवाहिता उमा रघुवंशी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

सोहागपुर। मध्य प्रदेश के सोहागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम निवारी में 24 वर्षीय नवविवाहिता उमा रघुवंशी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना 7 अक्टूबर 2026 की है। उमा की शादी करीब एक साल पहले हुई थी। नवविवाहिता की मौत का मामला होने के कारण अब इसकी आगे की जांच एसडीओपी सोहागपुर करेंगे।

रात में खेत से लौटे परिजन, कमरे में मिली उमा

एएसआई गणेश राय के मुताबिक, मृतका के परिजन दीपक रघुवंशी ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। दीपक ने बताया कि 7 अक्टूबर की रात वह अपने भाई सीताराम रघुवंशी के साथ खाना खाने के बाद करीब रात 1:30 बजे धान की फसल में पानी लगाने खेत गए थे। खेत से लौटने के बाद सीताराम ने अपने कमरे से आवाज लगाकर दीपक और उसकी पत्नी ज्योति को बुलाया। दोनों जब कमरे की ओर पहुंचे, तो सीताराम की पत्नी उमा छत में लगे पंखे से चुनरी के सहारे लटकी मिलीं।

ये भी पढ़ें: शिक्षा के मंदिर में फर्जीवाड़े का खेल ! बिना पढ़े ही बच्चे को कक्षा 5वीं में पहुंचाने का आरोप

अस्पताल ले गए, डॉक्टर ने मृत घोषित किया

उमा को तुरंत नीचे उतारकर परिजन पिपरिया के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उन्हें शासकीय अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। इसके बाद परिजन उमा को शासकीय अस्पताल पिपरिया ले गए, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पिपरिया के स्टेशन रोड थाना पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम समेत जरूरी कार्रवाई की। उमा की शादी को करीब एक साल ही हुआ था, इसलिए तहसीलदार पिपरिया ने भी शव पंचनामा की कार्रवाई की। इसके बाद आगे की कार्रवाई के लिए मामले की डायरी सोहागपुर थाना भेज दी गई।

भोपाल भेजा जाएगा नमूना, जांच के बाद होगी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, मामले में उमा के गर्भाशय का नमूना जब्त किया गया है। इसे जांच के लिए भोपाल स्थित विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। नवविवाहिता की मौत को देखते हुए मामले की आगे की जांच एसडीओपी सोहागपुर करेंगे। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मौत के कारणों को लेकर जांच जारी है।

Neelam Tiwari
By Neelam Tiwari

नीलम तिवारी - सोहागपुर के वरिष्ठ पत्रकार, 40 वर्षों से निष्पक्ष, जनसरोकार और ग्रामीण मुद्दों की निर्...

Latest Posts