रिलेशनशिप से इनकार पर बौखलाईं 4 सहेलियां, छात्रा को घेरा और बेरहमी से पीटा… VIDEO वायरल

मध्य प्रदेश के सतना से छात्राओं के बीच मारपीट का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि चार छात्राओं ने मिलकर कॉलेज में पढ़ने वाली एक छात्रा को सुनसान जगह ले जाकर बुरी तरह पीटा। इतना ही नहीं, पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पीड़िता ने अब पुलिस से शिकायत की है।
सहेली बहाने से ले गई सुनसान जगह
मामला कोलगवां थाना क्षेत्र का है। पीड़िता के मुताबिक, एक छात्र उसे वॉट्सऐप पर परेशान करता था। छात्रा ने जब उसे फटकार लगाई तो उसके साथ कॉलेज में पढ़ने वाली और पड़ोस में रहने वाली एक छात्रा ने उस पर अपने दोस्त के साथ रिलेशनशिप में आने का दबाव बनाया। पीड़िता ने इससे इनकार कर दिया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपी छात्रा ने 6 अगस्त को उसे बहाने से अपने स्कूटर पर बैठाया। पहले उसे इधर-उधर घुमाया गया और फिर रिश्तेदार के यहां जाने की बात कहकर नगर वन के सामने सुनसान जगह ले जाया गया।
वहां पहले से मौजूद थीं तीन लड़कियां
आरोप है कि सुनसान जगह पर आरोपी छात्रा की तीन सहेलियां पहले से मौजूद थीं। चारों ने कथित तौर पर अपने चेहरे ढंक रखे थे। इसके बाद उन्होंने पीड़िता को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। सामने आए वीडियो में चार लड़कियां छात्रा को घेरकर मारती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में गाली-गलौज और धमकाने की बात भी सामने आई है।
ये भी पढ़ें: छग के एकलव्य स्कूल में 10वीं के छात्र की संदिग्ध मौत, 3 विधायकों ने की न्यायिक जांच की मांग
डंडे और लात-घूंसों से पीटने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान एक लड़की ने डंडे से उसके कान और आंख के आसपास वार किया, जबकि बाकी लड़कियों ने लात-घूंसों से उसकी पिटाई की। इसी दौरान एक आरोपी छात्रा ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो कॉल पर छात्र से मंगवाई माफी
आरोप है कि मारपीट के दौरान पीड़िता पर दबाव बनाया गया कि वह आरोपी छात्र की बात माने। इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए उससे उस छात्र से माफी भी मंगवाई गई। पीड़िता के मुताबिक, जब उसने छात्र के साथ रिलेशनशिप में आने के लिए हामी भर दी, तब आरोपी छात्राओं ने उसे सेमरिया चौराहे पर छोड़ दिया।
ये भी पढ़ें: स्वरूप नगर में फैक्टरी की आग का खौफनाक मंजर! 4 की मौत, जान बचाने के लिए घरों से कूदे लोग
डर के कारण कई दिनों तक चुप रही छात्रा
घटना के बाद पीड़िता डर की वजह से काफी समय तक चुप रही। उसने अपने परिवार को भी इस बारे में नहीं बताया। बताया गया कि उसकी मां गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं, जबकि पिता इलाज के सिलसिले में बाहर थे। छात्रा फिलहाल एक रिश्तेदार के यहां रहकर पढ़ाई कर रही है। इसी बीच मारपीट का वीडियो पीड़िता के एक रिश्तेदार के पास पहुंच गया। उन्होंने छात्रा से पूछताछ की, जिसके बाद पूरी घटना सामने आई।
11 सितंबर को पुलिस में शिकायत
घटना की जानकारी मिलने के बाद 11 सितंबर को मामला कोलगवां थाने पहुंचा। थाना प्रभारी सुदीप सोनी ने बताया कि पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है। पीड़िता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस अब वायरल वीडियो, पीड़िता के बयान और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।



















