Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP Foundation Day Function :भोपाल में ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश’ का भव्य समापन आज, स्नेहा शंकर के सुर और 2000 ड्रोन की रोशनी से झिलमिलाएगा आसमान

‘अभ्युदय मध्यप्रदेश’ का यह समापन समारोह प्रदेश की सांस्कृतिक एकता, परंपरा और आधुनिक तकनीक का संगम साबित होगा। स्नेहा शंकर के गीतों और 2000 ड्रोन की रोशनी से जब भोपाल का आसमान जगमगाएगा, तो यह शाम प्रदेशवासियों के लिए अविस्मरणीय बन जाएगी।
Follow on Google News
भोपाल में ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश’ का भव्य समापन आज, स्नेहा शंकर के सुर और 2000 ड्रोन की रोशनी से झिलमिलाएगा आसमान
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश’ का तीसरा और अंतिम दिन सोमवार को राजधानी भोपाल में सांस्कृतिक, तकनीकी और पारंपरिक वैभव का संगम पेश करेगा। लाल परेड ग्राउंड एक बार फिर संगीत, नृत्य और रोशनी से जगमगाएगा। शाम को बॉलीवुड सिंगर स्नेहा शंकर अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी, जबकि 2000 ड्रोन का शो भोपाल के आसमान में मध्यप्रदेश की ‘विरासत से विकास’ की यात्रा को जीवंत करेगा।

    ड्रोन शो में दिखेगा ‘विरासत से विकास’ का सफर

    मोहन सरकार की ओर से आयोजित इस भव्य ड्रोन शो में 2000 ड्रोन मिलकर “अभ्युदय मध्यप्रदेश 2047” की थीम को आकाश में साकार करेंगे। इस शो में मध्यप्रदेश की संस्कृति, उपलब्धियों और भविष्य की झलक दिखेगी। भारत का मानचित्र, महाकाल मंदिर, छलांग लगाता बाघ, सिंहस्थ–2028, इन्वेस्ट एमपी का लोगो, मेट्रो, हाईवे और कृषि दृश्य जैसे प्रतीकात्मक चित्र 3D फॉर्मेशन में नजर आएंगे।

    यह शो 'कन्सेप्ट कम्युनिकेशन्स लिमिटेड' द्वारा तैयार किया गया है और सेंट्रल इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट अर्पित गोयल के निर्देशन में हो रहा है।

    स्नेहा शंकर के सुरों से गूंजेगा लाल परेड ग्राउंड

    • सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण होंगी बॉलीवुड की जानी-मानी गायिका स्नेहा शंकर।
    • शाम 6:30 बजे से शुरू होने वाले कार्यक्रम में वह 'चांद के टुकड़े', 'मेरा महबूब', 'हकूना मटाटा' जैसे गीतों की प्रस्तुति देंगी।
    • उनकी मधुर आवाज और ऊर्जावान मंच प्रदर्शन से राजधानी का माहौल संगीत और उल्लास से भर जाएगा।

    महानाट्य ‘सम्राट विक्रमादित्य’ का मंचन फिर बनेगा केंद्रबिंदु

    तीसरे दिन भी महानाट्य ‘सम्राट विक्रमादित्य’ का मंचन दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेगा। इस नाट्य का निर्देशन संजीव मालवीय कर रहे हैं और इसे विशाला सांस्कृतिक एवं लोकहित समिति, उज्जैन के 150 कलाकारों का दल प्रस्तुत कर रहा है।

    अश्व, रथ, पालकी, ऊंट और एलईडी ग्राफिक्स के संयोजन से तैयार इस प्रस्तुति में सम्राट विक्रमादित्य के पराक्रम, न्यायप्रियता और सांस्कृतिक उत्थान की गाथा जीवंत होगी।

    लोकनृत्य, प्रदर्शनी और व्यंजन से सजेगा उत्सव

    लाल परेड ग्राउंड में दिनभर प्रदर्शनियां, शिल्प मेला और व्यंजन मेला लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहेंगे। ‘विकसित मध्यप्रदेश 2047’, ‘विक्रमादित्य और अयोध्या’, ‘मध्यप्रदेश के मंदिर’ जैसी प्रदर्शनियां राज्य की गौरवशाली विरासत को प्रदर्शित करेंगी। ‘एक जिला–एक उत्पाद’ योजना के तहत चंदेरी साड़ी, मुरैना की गजक, रायसेन का बासमती चावल और बुरहानपुर के केले से बने उत्पाद प्रदर्शित होंगे।

    वहीं, व्यंजन मेले में बुंदेली, बघेली, मालवा, निमाड़, चंबल और जनजातीय व्यंजनों का स्वाद आगंतुकों को मिलेगा। दोपहर 3 बजे से जनजातीय और लोक नृत्य प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें करमा, परधौनी, भगोरिया, बधाई, गणगौर और अहिराई जैसे पारंपरिक नृत्य शामिल रहेंगे।

    स्नेहा शंकर : उपलब्धियां और पुरस्कार

    विजेता - सुपरस्टार सिंगर (2019): सोनी टीवी के इस शो में स्नेहा ने अपनी शानदार गायकी से जीत हासिल की। हिमेश रेशमिया और अलका याग्निक ने उनकी आवाज़ की खूब सराहना की।

    • दूसरी रनर-अप - इंडियन आइडल सीजन 15 (2024) : अपनी भावनात्मक और दमदार प्रस्तुति से उन्होंने देशभर में लोकप्रियता पाई।
    • सबसे कम उम्र की फाइनलिस्ट - सा रे गा मा पा लिटिल चैंप्स : बेहद कम उम्र में उन्होंने मंच पर अपनी परिपक्व गायकी से सभी को प्रभावित किया।
    • पार्श्व गायन - द लायन किंग (2019 ) : डिज्नी की इस फिल्म के हिंदी संस्करण में उन्होंने “मैं बनूँ राजा आज ही” और “हकुना मटाटा” जैसे चर्चित गीत गाए।
    • टी-सीरीज संगीत अनुबंध (2024) : इंडियन आइडल फिनाले के दौरान भूषण कुमार ने स्नेहा को एक बड़ा संगीत अनुबंध दिया।
    • शीर्ष संगीत निर्देशकों के साथ काम : स्नेहा ने हिमेश रेशमिया, अमित त्रिवेदी, स्नेहा खानवलकर और जीत गांगुली जैसे दिग्गजों के साथ काम किया है।
    • भक्ति और बॉलीवुड संगीत में सक्रियता : उन्होंने भक्ति गीतों के साथ-साथ बॉलीवुड और इंडी म्यूज़िक प्रोजेक्ट्स में भी अपनी आवाज दी है।
    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts