मप्र के किसानों को बड़ी राहत, दो दिन की रोक के बाद कल से फिर शुरू होगा खाद वितरण

मध्यप्रदेश में सब्सिडी वाले खाद की बिक्री पर लगी रोक 16 अगस्त तक स्टॉक वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद 17 अगस्त से खत्म हो जाएगी। सरकार के अनुसार प्रदेश में यूरिया और अन्य खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। 82 लाख किसानों को खरीफ सीजन में खाद वितरण दोबारा शुरू होने से राहत मिलेगी।
मप्र के किसानों को बड़ी राहत, दो दिन की रोक के बाद कल से फिर शुरू होगा खाद वितरण
फाइल फोटो

भोपाल। खरीफ सीजन के बीच मध्य प्रदेश के 82 लाख किसानों के लिए राहत की खबर सामने आई है। प्रदेश में सब्सिडी वाले खाद की बिक्री पर लगी अस्थायी रोक अब जल्द खत्म होने वाली है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि स्टॉक वेरिफिकेशन का काम पूरा होते ही 17 अगस्त से खाद का वितरण पूरे प्रदेश में फिर शुरू कर दिया जाएगा।

14 अगस्त से बंद था खाद का वितरण

सरकार ने 14 अगस्त की शाम 7 बजे से पूरे प्रदेश में सब्सिडी वाले खाद की बिक्री रोक दी थी। यह आदेश विपणन संघ, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों, एमपी एग्रो और निजी खाद विक्रेताओं पर लागू किया गया था। सरकार के मुताबिक रोक का मुख्य उद्देश्य iFMS पोर्टल पर दर्ज खाद के स्टॉक और जमीनी स्तर पर उपलब्ध वास्तविक स्टॉक का मिलान करना है। 15 और 16 अगस्त के अवकाश के दौरान भी स्टॉक वेरिफिकेशन का काम जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें: चंबल नदी के बीच धार में खराब हुआ स्टीमर, बहाव के साथ बहा कई किलोमीटर; करीब 100 यात्री और 50 दोपहिया थे सवार

धान सहित खरीफ फसलों के लिए खाद की जरूरत बढ़ी

खाद वितरण रुकने से खरीफ सीजन में किसानों की चिंता बढ़ गई थी। खासकर धान और अन्य फसलों के लिए इस समय यूरिया की जरूरत अधिक है। किसान कल्याण विभाग ने स्पष्ट किया है कि 17 अगस्त से खाद वितरण सामान्य कर दिया जाएगा। सरकार ने सुचारु व्यवस्था के लिए कलेक्टरों को वेरिफिकेशन और निर्देशों के पालन की जिम्मेदारी सौंपी है।

दावा-प्रदेश में खाद का पर्याप्त स्टॉक

कृषि विभाग के अनुसार प्रदेश में खाद की कमी नहीं है। 1 अप्रैल से अब तक 17.04 लाख मीट्रिक टन यूरिया की आपूर्ति हुई है, जिसमें से 12.83 लाख मीट्रिक टन किसानों द्वारा उठाया जा चुका है और 4.21 लाख मीट्रिक टन उपलब्ध है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 1.60 लाख मीट्रिक टन यूरिया स्टॉक में था। वहीं अन्य खाद का कुल 11.20 लाख मीट्रिक टन स्टॉक उपलब्ध था, जिसमें से 7.09 लाख मीट्रिक टन का उठाव हो चुका है और 4.10 लाख मीट्रिक टन शेष है। सरकार का दावा है कि स्टॉक पर्याप्त है और 17 अगस्त से वितरण सामान्य हो जाएगा। हालांकि, दो दिनों की रोक के दौरान खाद के लिए परेशान किसानों की दिक्कतें भी चिंता का विषय बनी हुई हैं। 

ये भी पढ़ें: पिता की मौत पर नहीं पहुंचीं बेटियां, अब तेरहवीं में भी रहीं गैरहाजिर; समाज के लोगों ने निभाईं सभी रस्में

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts