Breaking:मध्य प्रदेश कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, प्रदेश से ब्लॉक तक सभी विभाग और प्रकोष्ठ भंग

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर तक संचालित सभी विभागों और प्रकोष्ठों की इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग करने का फैसला किया है। यह निर्णय संगठन के व्यापक पुनर्गठन अभियान के तहत लिया गया है।

दिल्ली में समीक्षा बैठक के बाद बड़ा फैसला
पिछले दो दिनों से नई दिल्ली में कांग्रेस के 'संगठन सृजन अभियान' की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की वर्तमान स्थिति, आगामी रणनीति और पार्टी को जमीनी स्तर पर अधिक मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इसी मंथन के बाद संगठनात्मक ढांचे में व्यापक बदलाव का निर्णय लिया गया।
प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने जारी किया आदेश
मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी ने आधिकारिक आदेश जारी करते हुए प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर पर गठित सभी विभागों और प्रकोष्ठों की इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग करने के निर्देश दिए हैं। आदेश के बाद संगठन में मौजूदा सभी विभागीय और प्रकोष्ठीय जिम्मेदारियां समाप्त मानी जाएंगी।
ये भी पढ़ें: Raipur News: साय कैबिनेट की बड़ी बैठक आज: किसानों, युवाओं और उद्योगों के लिए हो सकते हैं बड़े फैसले
अब नए सिरे से होगा संगठन का गठन
पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह फैसला केवल इकाइयों को भंग करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए कांग्रेस संगठन को नए ढांचे में तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। जल्द ही विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों का नए सिरे से गठन किया जाएगा।
चुनावी रणनीति पर रहेगा फोकस
माना जा रहा है कि कांग्रेस आगामी चुनावों और राजनीतिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए संगठन को अधिक सक्रिय, जवाबदेह और प्रभावी बनाना चाहती है। नए संगठनात्मक ढांचे में कार्यकर्ताओं को उनकी सक्रियता और संगठनात्मक क्षमता के आधार पर जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं।
ये भी पढ़ें: EOW का छापा: मेडिकल विभाग के स्टोरकीपर के कई ठिकानों कार्यवाई ,आय से 110% अधिक संपत्ति मिलने पर कई ठिकानों पर छापे
पार्टी में बदलाव का बड़ा संकेत
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस का यह कदम केवल प्रशासनिक बदलाव नहीं, बल्कि संगठन को नए सिरे से खड़ा करने की रणनीति का हिस्सा है। आने वाले दिनों में प्रदेश संगठन में कई नए चेहरे और नई जिम्मेदारियां देखने को मिल सकती हैं।












