PU Special :मिशन 2028 के लिए BJP का बड़ा प्लान, सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में तैनात होंगे 'सेवा दूत'; 800 लोगों को भोपाल में दी जाएगी ट्रेनिंग

भोपाल। इस अभियान के तहत मंत्री-विधायक, सांसद और वरिष्ठ पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। सभी सेवा दूतों की 26 नवंबर से तीन दिन की विशेष ट्रेनिंग शुरू होगी। करीब 800 नेताओं को प्रशिक्षण देकर 1 से 25 दिसंबर तक अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में तैनात करने की योजना है।
सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में तैनाती की तैयारी
भाजपा ने प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए सेवा दूत तैनात करने का प्लान बनाया है। इसके लिए नेताओं की सूची तैयार की जा रही है और मंत्री-विधायक, सांसद और वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारी दी जाएगी।
ये भी पढ़ें: 26 से 30 नवंबर तक BJP का संविधान जागरूकता अभियान, Gen Z और छात्रों पर खास फोकस
गृह जिले से बाहर मिलेगी जिम्मेदारी
मिशन 2028 के तहत मंत्री-विधायक, सांसद और बड़े नेताओं को उनके गृह जिले से बाहर की विधानसभा आवंटित की जाएगी। पार्टी का मानना है कि दूसरे जिले में तैनात नेता बिना आग्रह-दुराग्रह के निष्पक्ष काम कर सकेंगे और स्थानीय गुटबाजी से दूर रहकर संगठन की असली नब्ज टटोल सकेंगे।
26 नवंबर से शुरू होगी तीन दिन की ट्रेनिंग
सभी सेवा दूतों के लिए 26 नवंबर से तीन दिन का विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। करीब 800 नेताओं को चरणबद्ध तरीके से ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसमें विधानसभा प्रभारी यानी सेवा दूत के साथ जिला स्तरीय समन्वयक, मंडल प्रभारी, बूथ प्रभारी और स्थानीय कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।
जनता से संवाद और योजनाओं का लाभ पहुंचाने के टिप्स
प्रशिक्षण के दौरान सेवा दूतों को बताया जाएगा कि जनता से किस तरह संवाद करना है और सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक कैसे पहुंचाना है। इसके साथ ही बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और मैदानी फीडबैक हासिल करने के तरीके भी समझाए जाएंगे।
25 दिन तक जनता के बीच रहेंगे सेवा दूत
1 से 25 दिसंबर तक सेवा दूतों की तैनाती के लिए सभी जिलों में टोलियां गठित की जा रही हैं। विधानसभा प्रभारी की मदद के लिए स्थानीय कार्यकर्ताओं की ड्यूटी भी लगाई जाएगी और दूसरे जिले में जाकर मंत्री-विधायक इस जिम्मेदारी को कितनी शिद्दत से निभाते हैं, इसकी समीक्षा भी होगी।
ये भी पढ़ें: यूपी में भाजपा कार्यसमिति की घोषणा, पीएम मोदी-सीएम योगी सहित 30 स्थायी सदस्यों के नाम
जनता और सरकार के बीच सेतु बनेंगे सेवा दूत
पार्टी के मुताबिक सेवा दूत केवल चुनावी मशीनरी का हिस्सा नहीं होंगे, बल्कि जनता और सरकार के बीच सेतु का काम करेंगे। वे जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकार के कामकाज की बूथ स्तर तक ब्रांडिंग करने के साथ मैदानी फीडबैक भी देंगे। निगम-मंडल और प्राधिकरणों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष सहित सभी जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी 25 दिन तक जनता के बीच रहेंगे। भाजपा के मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया ने बताया कि इससे पहले भोपाल में सभी सेवा दूतों को ट्रेनिंग दी जाएगी।




















