3 अक्टूबर को भोपाल आएंगे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, डेयरी से IISER तक, जानें कई कार्यक्रम

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को भोपाल दौरे पर रहेंगे। उनके कार्यक्रम को लेकर राजधानी में तैयारियां तेज हैं। शाह भेल दशहरा मैदान में होने वाले राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में प्रदेश के 35 हजार से ज्यादा गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़े सदस्य पहुंचेंगे। अमित शाह के दौरे में पशुपालन, डेयरी, सहकारिता, पुलिसिंग और उच्च शिक्षा से जुड़े कई कार्यक्रम शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान पशुपालकों को बोनस राशि देने, गौशालाओं के लिए सहायता और गोपालक दीदियों के सम्मान के साथ डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र भी बांटे जाने हैं।
भेल मैदान में जुटेंगे 35 हजार से ज्यादा गोपालक
अमित शाह भोपाल के भेल दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। यहां प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्य पहुंचेंगे। सम्मेलन में प्रदेश में चल रहे कृषक कल्याण वर्ष के तहत किए गए कामों और बलराम कृषि महोत्सव से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा गृह, पशुपालन एवं डेयरी, सहकारिता, लोक निर्माण और परिवहन विभाग अपनी योजनाओं और कामों का प्रस्तुतीकरण करेंगे।
शाह के भोपाल दौरे में क्या-क्या?
- 2 अक्टूबर, रात 9 बजे: अमित शाह का भोपाल आगमन
- 3 अक्टूबर, दोपहर 12 बजे: भेल दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन
- इसी स्थल पर: नए आपराधिक कानूनों पर प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन
- इसके बाद: पशुपालकों, दुग्ध सहकारी समितियों और अन्य कार्यक्रमों में सहभागिता
- भौंरी: IISER अत्रि परिसर का शिलान्यास
- भौंरी: स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण
- 3 अक्टूबर, रात करीब 8 बजे: भोपाल से प्रस्थान
16.80 करोड़ का डेयरी प्लांट होगा शुरू
शाह भोपाल सहकारी दुग्ध संघ परिसर में तैयार फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का उद्घाटन भी करेंगे। इस परियोजना पर कुल 16.80 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इसमें केंद्र सरकार की ओर से 6 करोड़ रुपये का अनुदान और भोपाल सहकारी दुग्ध संघ की ओर से 10.80 करोड़ रुपये लगाए गए हैं। इस प्लांट की रोजाना 40 हजार लीटर प्रसंस्करण क्षमता है। यहां दूध से दही, छाछ, लस्सी, श्रीखंड और मावा जैसे अलग-अलग उत्पाद तैयार किए जाएंगे। परियोजना के मुताबिक, रोज 10 हजार लीटर दूध, 10 हजार लीटर दही और 30 हजार लीटर छाछ को प्रोसेस करने की क्षमता होगी। इसके अलावा 1 हजार लीटर लस्सी, 800 किलो श्रीखंड और 1 हजार किलो मावा तैयार किया जा सकेगा। इसका मकसद सांची के कारोबार को सिर्फ तरल दूध तक सीमित रखने के बजाय ज्यादा वैल्यू वाले दुग्ध उत्पादों का उत्पादन बढ़ाना है। इससे डेयरी कारोबार में उत्पादों की रेंज बढ़ाने पर जोर रहेगा।
उज्जैन के 255 करोड़ के डेयरी प्लांट पर भी नजर
अमित शाह के कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के डेयरी क्षेत्र से जुड़ी अन्य परियोजनाएं भी प्रस्तावित हैं। इनमें उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला डेयरी प्लांट शामिल है। इसके साथ दूध प्रसंस्करण और गुणवत्ता जांच से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ से जुड़े पशुपालकों को बोनस राशि देने और गौशालाओं के लिए सहायता उपलब्ध कराने की भी योजना है। कार्यक्रम में गोपालक दीदियों को सम्मानित किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: भाजपा प्रभारी बिप्लब देव ने बोला हमला-राहुल गांधी दिखावा करते हैं, मन से कुछ नहीं करते
नए आपराधिक कानूनों की प्रदर्शनी का भी कार्यक्रम
भेल दशहरा मैदान में मध्यप्रदेश पुलिस की ओर से नए आपराधिक कानूनों पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी भी तैयार की गई है। इसमें अपराध की जांच से लेकर न्याय प्रक्रिया तक पुलिस, फॉरेंसिक, अभियोजन और जेल व्यवस्था की भूमिका को समझाया जाएगा। यह प्रदर्शनी 3 अक्टूबर से आम लोगों के लिए शुरू होने की जानकारी दी गई है।
IISER के ‘अत्रि परिसर’ का शिलान्यास
दौरे के दौरान अमित शाह भोपाल बायपास के पास भौरी में IISER के अत्रि परिसर का शिलान्यास भी करेंगे। इसी परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। अमित शाह के दौरे को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है। ताज लेकफ्रंट होटल, भेल दशहरा मैदान और IISER भौरी के आसपास 5 किलोमीटर के दायरे में 2 अक्टूबर शाम से 3 अक्टूबर रात तक नो-फ्लाइंग जोन लागू करने की जानकारी सामने आई है। इस तरह 3 अक्टूबर को भोपाल में अमित शाह का पूरा दिन गोपालक सम्मेलन, डेयरी परियोजनाओं, नए आपराधिक कानूनों की प्रदर्शनी और IISER से जुड़े कार्यक्रमों के बीच व्यस्त रहेगा।




















