UCC के खिलाफ भोपाल में ओवैसी का हमला, निकाह और आदिवासी छूट पर उठाए सवाल

यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को लेकर मध्य प्रदेश में सियासी बहस तेज है। इसी बीच AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भोपाल में आयोजित जनसभा में UCC को लेकर सरकार पर निशाना साधा। सेंट्रल लाइब्रेरी मैदान में हुई सभा में उन्होंने मुस्लिम पर्सनल लॉ, निकाह, विरासत और धार्मिक स्वतंत्रता से जुड़े मुद्दे उठाए।
‘UCC समानता के लिए नहीं, मुसलमानों को टारगेट करने के लिए’
ओवैसी ने दावा किया कि UCC समानता के लिए नहीं, बल्कि मुसलमानों को निशाना बनाने के लिए लाया जा रहा है। उन्होंने इसे संविधान में मिले धार्मिक और सांस्कृतिक अधिकारों से जोड़ते हुए सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। ये ओवैसी के राजनीतिक आरोप हैं; सरकार UCC को समान नागरिक कानून के तौर पर पेश करती है।
‘निकाह जन्म-जन्म का साथ नहीं, कॉन्ट्रैक्ट है’
जनसभा में ओवैसी ने शादी की व्यवस्था को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय में निकाह जन्म-जन्म का साथ नहीं, बल्कि एक कॉन्ट्रैक्ट है। उन्होंने हिंदू और मुस्लिम विवाह व्यवस्था की तुलना करते हुए दावा किया कि UCC के जरिए गैर-हिंदू समुदायों पर अलग कानून लागू करने की कोशिश की जा रही है।
आदिवासियों को छूट पर भी उठाया सवाल
ओवैसी ने मध्य प्रदेश में UCC के दायरे को लेकर आदिवासी समुदाय का मुद्दा उठाया। उन्होंने सवाल किया कि अगर आदिवासियों की अलग परंपराओं और पहचान को देखते हुए उन्हें UCC से बाहर रखा गया है, तो मुस्लिम समुदाय को इसके दायरे में क्यों शामिल किया गया? मध्य प्रदेश सरकार के मुताबिक, UCC के प्रस्ताव में आदिवासी समुदायों को इसके दायरे से बाहर रखा गया है।
विरासत और मुस्लिम पर्सनल लॉ का मुद्दा उठाया
ओवैसी ने अपने भाषण में मुस्लिम पर्सनल लॉ और विरासत के अधिकारों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि मुस्लिम परिवारों में बेटे और बेटियों दोनों के लिए विरासत में हिस्सेदारी का प्रावधान है और UCC के जरिए मौजूदा व्यवस्था में बदलाव की कोशिश की जा रही है।
ये भी पढ़ें: ‘मेरे अंगने में तुम्हारा क्या काम...’ इंजीनियरिंग में आईएएस दखल पर उठे सवाल
रामेश्वर शर्मा के बयान पर भी पलटवार
जनसभा के दौरान ओवैसी ने बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के एक पुराने बयान पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मंच से शर्मा को चुनौती देते हुए काजी कैंप और मिसाइल से जुड़ी टिप्पणी का जिक्र किया। इस बयान के बाद दोनों नेताओं के बीच सियासी बयानबाजी और तेज हो गई।




















