MP विधानसभा का मानसून सत्र आज से :केन बेतवा विस्थापित, नीट पेपर लीक सहित कई मुद्दे उठाएगी विपक्ष

भोपाल। मध्य प्रदेश में आज से विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत होने जा रही है। सत्र में केन बेतवा विस्थापियों को मुआवजा, नीट यूजी पेपर लीक, CBSE परीक्षा में कथित गड़बड़ी जैसे कई मुद्दों पर बहस होने की संभावना है। जहां विपक्ष इन तमाम मुद्दों पर अपनी रणनीतिक तैयारी कर आज सदन में अपनी बातें रखेगा। जबकि मोहन सरकार इसी सत्र में समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक को पेश करेगी जिसे रविवार को जगदीशपुर में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में मंजूरी मिली है। मानसूत्र सत्र 20 जुलाई से शुरु होकर 24 जुलाई तक चलेगा।
सेंट्रल हॉल में दिखेंगी बदली हुई तस्वीर
म.प्र विधानसभा के सेंट्रल हॉल में पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू, अटल बिहारी वाजपेयी, जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की तस्वीरें लगाई गई है। ढाई साल पहले दिसंबर 2023 में सदन के अंदर आसंदी के दाएं तरफ पूर्व पीएम नेहरू की तस्वीर हटाकर डॉ. भीमराव अंबेडकर की फोटो लगाई गई थी। जिससे नाराज कांग्रेस ने उस समय विरोध जताया था।
सत्र के दौरान इन मुद्दों पर रहेगा विपक्ष का फोकस
- नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार खरीफ फसल की बुआई के लिए खाद- बीज नहीं मिलने और कम वर्षा के कारण बनी परिस्थितियों पर नियम 139 के तहत चर्चा की मांग करेंगे।
- सिलवानी से कांग्रेस विधायक देवेंद्र पटेल शादियों- कार्यक्रमों में तेज आवाज में डीजे- साउंड सिस्टम लगाने वाले ऑपरेटर्स का मामला ध्यानाकर्षण के जरिए उठाएंगे।
- बुरहानपुर से भाजपा विधायक अर्चना चिटनीस महाराष्ट्र के पंढरपुर में मध्य प्रदेश के भक्तों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाएंगी।
- बात भोपाल की करें तो यहां की उत्तर सीट से कांग्रेस विधायक आतिफ अकील मल्टी- लेवल पार्किंग बनाने और गड्ढे- उबड़- खाबड़ सड़क को बेहतर बनाने की मांग करेंगे।
- तेंदूखेड़ा विधायक विश्वनाथ सिंह नरसिंहपुर जिले के सिहोरा के जनपद पंचायत, बिजावर विधायक राजेश शुक्ला छतरपुर जिले के ईशआनगर को नगर परिषद बनाने की मांग उठाएंगे।
- परसवाड़ा विधायक मधु भगत सिंगरौली जिले के कोल ब्लॉक की जमीन को कम दर पर खरीदने से हुए आर्थिक नुकसान का मामले सदन के समक्ष रखेंगे।
यह भी पढ़ें: MP UCC Update: एमपी कैबिनेट ने यूसीसी विधेयक को दी मंजूरी, विधानसभा के मानसून सत्र में पेश होगा बिल
25 जनहित याचिकाएं पेश करेंगे विधायक
विधानसभा सत्र के दौरान विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी 25 जनहित याचिकाएं सदन में प्रस्तुत करेंगे। इन याचिकाओं में सड़क निर्माण, पुल, पेयजल व्यवस्था, स्कूल भवन, नगर परिषद गठन, स्वास्थ्य केंद्र, सिंचाई और बिजली जैसी स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इन मुद्दों पर सरकार से जवाब और कार्रवाई की मांग की जाएगी।
दो समितियों के लिए होगा चुनाव
सत्र के पहले दिन अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण समिति और पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति के लिए 11-11 सदस्यों का निर्वाचन कराया जाएगा। वहीं, मध्य प्रदेश सरकार द्वारा कैबिनेट से मंजूरी प्राप्त समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक-2026 भी इसी सत्र में विधानसभा में पेश किए जाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में विधेयक के ड्राफ्ट को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई थी।











