Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP UCC Update:एमपी कैबिनेट ने यूसीसी विधेयक को दी मंजूरी, विधानसभा के मानसून सत्र में पेश होगा बिल

मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यूसीसी अधिनियम-2026 के मसौदे को मंजूरी दे दी गई है।
एमपी कैबिनेट ने यूसीसी विधेयक को दी मंजूरी, विधानसभा के मानसून सत्र में पेश होगा बिल
MP कैबिनेट बैठक में UCC लागू करने को मंजूरी दे दी गई है।

भोपाल। मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में भोपाल के पास ऐतिहासिक जगदीशपुर में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में समान नागरिक संहिता (UCC) अधिनियम-2026 के मसौदे को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई। इस फैसले को राज्य सरकार की बड़ी पहल माना जा रहा है। कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद अब इस विधेयक को 20 जुलाई से शुरू हो रहे मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में पेश किया जाएगा।

विधानसभा सत्र में होगा पेश 

विधानसभा से इसे मंजूरी मिलती है, तो मध्य प्रदेश यूसीसी लागू करने वाले राज्यों की सूची में शामिल हो जाएगा। सरकार का कहना है कि समान नागरिक संहिता का उद्देश्य सभी नागरिकों के लिए विवाह, तलाक, उत्तराधिकार, गोद लेने और पारिवारिक मामलों से जुड़े कानूनों में समानता और पारदर्शिता लाना है। जगदीशपुर में आयोजित इस विशेष कैबिनेट बैठक की एक और खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, सभी मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी इलेक्ट्रिक बसों से बैठक में पहुंचे। सरकार ने इसे सादगी, पर्यावरण संरक्षण और सुशासन का संदेश बताया। अब पूरे प्रदेश की नजर विधानसभा के मानसून सत्र पर है, जहां यूसीसी विधेयक पर चर्चा और आगे की प्रक्रिया तय होगी।

मुख्यमंत्री ने भोपाल के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत का किया जिक्र

कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भोपाल का इतिहास परमार राजवंश और राजा भोज से जुड़ा हुआ है और यह क्षेत्र प्राचीन काल से सनातन संस्कृति का प्रमुख केंद्र रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि भोपाल का गहरा संबंध गोंड राजवंश से भी रहा है, जहां मदन शाह और संग्राम शाह जैसे शासकों ने क्षेत्र के विकास में अहम योगदान दिया। इसी के साथ सीएम ने कहा कि इतिहास में राजा निजाम शाह की विष देकर हत्या और उसके बाद रानी कमलापति द्वारा अपने पुत्र और प्रजा की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष का विशेष महत्व है। मुख्यमंत्री ने अफगान सरदार दोस्त मोहम्मद खान के दौर और उसके बाद के शासनकाल का भी जिक्र करते हुए कहा कि भोपाल का इतिहास विभिन्न शासकों, परंपराओं और संस्कृतियों से समृद्ध रहा है।

Twitter Post

विधायक रामेश्वर शर्मा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को दी बधाई

विधायक रामेश्वर शर्मा ने मध्य प्रदेश में यूसीसी लागू करने की दिशा में उठाए गए कदम पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को बधाई दी। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के विजन को मध्य प्रदेश ने आगे बढ़ाया। मध्य प्रदेश सरकार ने UCC को कैबिनेट से मंजूरी देकर ऐतिहासिक निर्णय लिया। अब सभी नागरिकों के लिए समान वैवाहिक व्यवस्था लागू होगी। एक से अधिक शादी पर रोक का प्रावधान लागू होने की दिशा में बड़ा कदम है। UCC से जनसंख्या संतुलन और संसाधनों के बेहतर उपयोग में मदद मिलेगी। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के बेहतर अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण फैसला है। पांच बीवी 25 बच्चे की व्यवस्था अब खत्म होगी। यह निर्णय मध्य प्रदेश और देशहित में ऐतिहासिक साबित होगा। 

अब तक दो राज्यों में पारित हो चुका है यूसीसी विधेयक 

मध्य प्रदेश सरकार ने यूसीसी को कैबिनेट से मंजूरी देकर इसे लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। फैसले के बाद विधायक रामेश्वर शर्मा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को बधाई देते हुए इसे ऐतिहासिक निर्णय बताया। अब यूसीसी विधेयक विधानसभा के मानसून सत्र में पेश किया जाएगा। वहीं, कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने भोपाल के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत का भी उल्लेख किया।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts