मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 की 52 फाइनलिस्ट इंदौर में…ग्रैंड फिनाले से पहले कैंप में लेंगी पर्सनैलिटी डेवलपमेंट और लीडरशिप की ट्रेनिंग

इंदौर। देश की सबसे प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 अब अपने निर्णायक चरण में प्रवेश कर चुकी है। देशभर से चयनित 52 प्रतिभाशाली फाइनलिस्ट प्रतिष्ठित ताज के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा में हैं। दिल्ली से शुरू हुई ग्रैंड फिनाले की यात्रा, जयपुर में आयोजित सैशिंग सेरेमनी, इंट्रोडक्शन वॉक, स्पीच राउंड और गाला डिनर तथा बेंगलुरु में संपन्न स्विमसूट राउंड के बाद अब सभी फाइनलिस्ट इंदौर पहुंच चुकी हैं। यहां वे 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में भाग ले रही हैं, जहां उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की ग्रूमिंग, व्यक्तित्व विकास और प्रोफेशनल रनवे कोचिंग प्रदान की जा रही है।
कम्युनिकेशन मास्टरक्लास में सीखेंगी टिप्स
प्रशिक्षण शिविर के दौरान प्रतिभागी आधिकारिक फोटोशूट, वीडियो प्रोडक्शन, ओपनिंग नंबर की रिहर्सल, फैशन प्रेजेंटेशन और मंचीय प्रस्तुति से जुड़े विभिन्न सत्रों में भाग लेंगी। साथ ही उन्हें अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त संचार विशेषज्ञ, लेखक एवं शिक्षाविद् मिहिर मंकड़ द्वारा संचालित विशेष कम्युनिकेशन मास्टरक्लास का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इस विशेष मास्टरक्लास का उद्देश्य प्रतिभागियों में प्रभावी संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता,आत्मविश्वास, सार्वजनिक वक्तृत्व, स्टोरीटेलिंग तथा मीडिया से संवाद जैसी महत्वपूर्ण क्षमताओं का विकास करना है। संवादात्मक चचार्ओं और व्यावहारिक अभ्यासों के माध्यम से फाइनलिस्ट्स को अपनी मौलिक एवं प्रभावशाली अभिव्यक्ति विकसित करने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का आत्मविश्वास के साथ प्रतिनिधित्व कर सकें।

प्रतियोगिता की यात्रा का अहम पड़ाव
मिस यूनिवर्स इंडिया के राष्ट्रीय निदेशक निखिल आनंद ने कहा,मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के सभी फाइनलिस्ट इस समय अपनी सबसे महत्वपूर्ण प्रशिक्षण प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। इंदौर में आयोजित यह प्रशिक्षण शिविर प्रतियोगिता की यात्रा का अत्यंत महत्वपूर्ण पड़ाव है,जहाँ प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की ग्रूमिंग, व्यक्तित्व विकास और मंचीय प्रस्तुति का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बेहतरीन संवाद क्षमता किसी भी मिस यूनिवर्स विजेता की सबसे महत्वपूर्ण विशेषताओं में से एक होती है। मिस यूनिवर्स इंडिया केवल एक सौंदर्य प्रतियोगिता नहीं, बल्कि जीवन को नई दिशा देने वाला मंच है। यह प्रतियोगियों को केवल ताज जीतने का अवसर नहीं देता, बल्कि उन्हें आत्मविश्वासी, जिम्मेदार और प्रेरणादायी व्यक्तित्व के रूप में विकसित करता है।
ये भी पढ़ें: 60 साल बाद भारत लौटी ब्रिटेन की लॉयन ब्रूअरी: दिल्ली में लॉन्च की प्रीमियम बीयर, अब UP-हरियाणा पर नजर
गौरव बढ़ाने वाली प्रतिभाएं दीं
पीआरओ सर्वेश कश्यप ने कहा, मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का प्रत्येक चरण पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है। इसी मंच ने भारत को सुष्मिता सेन, लारा दत्ता और हरनाज संधू जैसी विश्व विजेता प्रतिभाएं दी हैं, जिन्होंने वैश्विक स्तर पर देश का गौरव बढ़ाया है। आगामी दिनों में फाइनलिस्ट विभिन्न मूल्यांकन चरणों से गुजरेंगी, जिसके बाद 23 अगस्त 2026 को जयपुर में आयोजित होने वाले भव्य ग्रैंड फिनाले में मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का ताज विजेता के सिर सजाया जाएगा। विजेता आगामी मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
ये भी पढ़ें: इंदौर में वीआईपी नंबरों की रेस शुरू : पहले दिन 0009 पर ₹50 हजार की बोली, 0001 पर टिकी सबकी नजर












