PU Special :सरकारी इंतजार छोड़ ग्रामीणों ने खुद बनाया पुल, एक सप्ताह तक किया श्रमदान; जोड़ दिए दो जिलों के रास्ते

जितेंद्र चंद्रवंशी, मंडला। ग्रामीणों ने बैठक कर समिति बनाई और सामूहिक रूप से पुल निर्माण का फैसला लिया। करीब एक सप्ताह की मेहनत के बाद पुल तैयार हुआ, जिससे लोगों को अब आवागमन में राहत मिली है। पुल के रखरखाव और उसे मजबूत बनाने के लिए दोपहिया, ऑटो और चारपहिया वाहनों से निर्धारित शुल्क भी लिया जा रहा है। वहीं, क्षेत्रीय विधायक नारायण सिंह पट्टा का कहना है कि उन्होंने कई बार पुल निर्माण के लिए पत्राचार किया, लेकिन सरकार फंड की कमी का हवाला देकर काम नहीं करा रही है।
वर्षों की परेशानी के बाद ग्रामीणों ने खुद उठाई जिम्मेदारी
मंडला जिले के मवई विकासखंड के आदिवासी अंचल में बुढ़नेर नदी पर पुल नहीं होने से ग्रामीणों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सामने कई बार समस्या रखने के बावजूद समाधान नहीं निकला। ऐसे में कावड़िया गांव के लोगों ने इंतजार छोड़कर खुद ही पुल बनाने का फैसला किया।

50 से 60 ग्रामीणों ने मिलकर बनाया कच्चा पुल
गांव के करीब 50 से 60 ग्रामीणों ने एक समिति बनाई और बैठक कर पुल निर्माण की योजना तैयार की। इसके बाद सुबह किसी ने तसला उठाया तो किसी ने फावड़ा। सभी ने मिलकर श्रमदान शुरू किया और लगातार करीब एक सप्ताह की मेहनत के बाद बुढ़नेर नदी पर कच्चा पुल तैयार कर दिया। इस काम में पूरे गांव के लोगों ने अपनी भागीदारी निभाई।

पुल नहीं होने से 35 किलोमीटर का लगाना पड़ता था चक्कर
गांव के सुनील मरकाम ने बताया कि बुढ़नेर नदी पर पुल नहीं होने के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती थी। नदी पार करने के लिए दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ता था, जिससे करीब 35 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता था। इसी परेशानी से छुटकारा पाने के लिए ग्रामीणों ने खुद पुल बनाने की पहल की।
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास की रफ्तार तेज,174 करोड़ से बने 24 बड़े पुल
वाहनों के हिसाब से तय किया गया शुल्क
ग्रामीणों ने पुल के रखरखाव और भविष्य में इसे और बेहतर बनाने के लिए शुल्क लेने की व्यवस्था भी बनाई है। रामभजन के मुताबिक, पुल से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालकों से 20 रुपए, ऑटो से 50 रुपए और चारपहिया वाहन चालकों से 100 रुपए लिए जा रहे हैं। यह राशि गांव की समिति के पास जमा की जाती है, ताकि आगे पुल को और मजबूत एवं सुविधाजनक बनाया जा सके।
कच्चे पुल से फिलहाल आसान हुआ ग्रामीणों का आवागमन
ग्रामीणों ने आपसी सहयोग और मेहनत से उस रास्ते को तैयार कर दिया, जिसकी मांग लंबे समय से की जा रही थी। हालांकि, यह कच्चा पुल स्थायी समाधान नहीं है, लेकिन फिलहाल इससे लोगों की आवाजाही आसान हो गई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनकी इस पहल के बाद शासन-प्रशासन भी ध्यान देगा और बुढ़नेर नदी पर मजबूत एवं स्थायी पुल का निर्माण कराया जाएगा, ताकि बारिश के दिनों में भी आवागमन बाधित न हो।
'कई बार पत्राचार किया, सरकार ने फंड नहीं होने का हवाला दिया'
बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा ने कहा कि उनके क्षेत्र में ऐसे कई पुल हैं, जिनका निर्माण नहीं हो पा रहा है। उन्होंने इस संबंध में कई बार पत्राचार किया, लेकिन सरकार फंड नहीं होने का हवाला देकर काम नहीं करा रही है। विधायक के मुताबिक, इस मुद्दे को लेकर उन्होंने विधानसभा में प्रश्न भी लगाया है।




















