मैहर में भीषण सड़क हादसा, दमोह के दो सगे भाइयों की मौत; झपकी आने से अनियंत्रित हुई कार

मैहर। बिहार के गयाजी में पिंडदान और श्राद्ध कर्म पूरा कर घर लौट रहे दमोह के दो सगे भाइयों की मैहर में सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार तड़के करीब 3 बजे नेशनल हाईवे-30 पर ग्राम पोड़ी के पास तेज रफ्तार इनोवा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में दो भाइयों की मौके पर मौत
हादसे में दमोह निवासी सुधीर गंगेले (61) और उनके छोटे भाई डॉ. संजय गंगेले (59) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों स्वर्गीय वीरेंद्र गंगेले के पुत्र थे। सुधीर गंगेले दमोह के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्य के पद पर पदस्थ थे, जबकि डॉ. संजय गंगेले शहर के चिकित्सक थे। डॉ. संजय गंगेले की पत्नी डॉ. श्रद्धा गंगेले दमोह में स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। हादसे के समय वह निजी काम से भोपाल गई हुई थीं।

चालक को अचानक आई झपकी
कार चला रहे राजा रैकवार (27) के मुताबिक, रात करीब 3 बजे उसे अचानक झपकी आ गई। इससे कार पर उसका नियंत्रण नहीं रहा और वाहन डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत से निकाले शव
हादसे की सूचना तड़के करीब 4 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को मिली। जानकारी मिलते ही मैहर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने क्षतिग्रस्त कार से दोनों मृतकों के शव और घायल चालक को बाहर निकाला। घायल चालक को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल मैहर ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस ने दमोह में मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दी। दोनों शवों को फिलहाल मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




















