चोरल डैम में हवलदार बना हीरो :2 की जान बचाई, एक किशोर की डूबने से मौत

इंदौर के महू क्षेत्र में रविवार को चोरल डैम और लोधिया कुंड में हुए दो अलग-अलग हादसों में दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। चोरल डैम में पुलिस हवलदार उपदेश सिंह तोमर ने बहादुरी दिखाते हुए दो लोगों की जान बचाई। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
2 की जान बचाई, एक किशोर की डूबने से मौत
चोरल डैम और लोधिया कुंड में डूबने से दो की मौत

इंदौर जिले के महू क्षेत्र में रविवार को बारिश के दौरान दो अलग-अलग पर्यटन स्थलों पर हुए हादसों में दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। वहीं चोरल डैम में एक पुलिस हवलदार ने अपनी जान जोखिम में डालकर दो लोगों की जान बचा ली।

चोरल डैम में हवलदार ने दिखाई बहादुरी

चोरल डैम में एक परिवार घूमने आया था। इस दौरान दो बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए। बच्चों की चीख सुनकर परिवार के साथ वहां मौजूद परदेशीपुरा थाने में पदस्थ हवलदार उपदेश सिंह तोमर तुरंत डैम में कूद पड़े।

उन्होंने पहले एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। इसी बीच दूसरे बच्चे को बचाने के लिए उसका रिश्तेदार मोहम्मद सलीम भी पानी में उतर गया, लेकिन तैरना नहीं आने के कारण वह भी डूबने लगा। हवलदार तोमर ने साहस दिखाते हुए सलीम को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

Breaking News

एक किशोर को नहीं बचाया जा सका

बचाव अभियान के दौरान मोहम्मद ताहिर मंसूरी गहरे पानी में डूब गया। सूचना मिलने पर बड़गोंदा पुलिस मौके पर पहुंची। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई।

लोधिया कुंड में भी डूबा 17 वर्षीय किशोर

इधर, सिमरोल थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लोधिया कुंड में भी एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां 17 वर्षीय उदयवीर सिंह चौहान अपने दोस्त अनुराग के साथ घूमने आया था।

नहाने के दौरान उदयवीर गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर सिमरोल पुलिस मौके पर पहुंची, शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मध्यभारत अस्पताल भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी।

बारिश में पर्यटन स्थलों पर बरतें सावधानी

बारिश के मौसम में नदियों, झरनों और डैमों का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है। ऐसे में प्रशासन लगातार लोगों से गहरे पानी में न उतरने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील करता है। इसके बावजूद लापरवाही के कारण हर साल ऐसे हादसे सामने आते हैं।

Ankit Rathore
By Ankit Rathore

Latest Posts