TET 2026 पेपर लीक का बड़ा खुलासा!1.5 करोड़ में बिकने वाला था प्रश्नपत्र, 3 आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र में शिक्षक बनने का सपना देख रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 से ठीक एक दिन पहले पेपर लीक का बड़ा मामला उजागर हुआ है। पुलिस ने ठाणे जिले के भिवंडी में कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी प्रश्नपत्र को करीब 1.5 करोड़ रपए में बेचने की तैयारी कर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने 28 जून को होने वाली TET परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया है।
भिवंडी में पुलिस ने बिछाया जाल, 3 आरोपी गिरफ्तार
भिवंडी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग TET परीक्षा का प्रश्नपत्र बेचने के लिए आने वाले हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और कोनगांव इलाके में जाल बिछाया।
शनिवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस ने तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से TET परीक्षा के चार अलग-अलग सेट के प्रश्नपत्र बरामद किए गए। इसके अलावा कई डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और अन्य दस्तावेज भी मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें: मौत बनकर झूल रहे बिजली और केबल के तार, हादसे का इंतजार कर रहे जिम्मेदार
दिल्ली से लाए गए थे प्रश्नपत्र
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी दिल्ली से TET परीक्षा के चार सेट लेकर महाराष्ट्र पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने कुछ लोगों से संपर्क कर इन प्रश्नपत्रों को बेचने की योजना बनाई थी। बताया जा रहा है कि प्रत्येक प्रश्नपत्र सेट की कीमत करीब 37.50 लाख रुपए तय की गई थी। यानी चारों सेट मिलाकर कुल सौदा लगभग 1.5 करोड़ रुपए का होने वाला था।
किन लोगों को किया गया गिरफ्तार?
पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। राजू शाह (45), निवासी बिहार, आकाश कुमार (30), निवासी बिहार और धीरज सिंह (28), निवासी हरियाणा से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्हें पेपर कहां से मिला और इस पूरे रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
एसीपी ने क्या बताया?
भिवंडी के एसीपी अशोक दुधे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि परिमंडल-2 के डीसीपी पवन बनसोड को इस मामले की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार कुछ लोग TET परीक्षा का पेपर बेचने वाले थे। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कोनगांव इलाके में कार्रवाई की। मौके से तीन आरोपियों को पकड़ा गया और उनके पास से प्रश्नपत्र बरामद किए गए। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पेपर आखिर लीक कैसे हुआ और इसे किस स्तर पर बाहर निकाला गया।
यह भी पढ़ें: शहडोल में 50 लाख का गांजा जब्त: दो लग्जरी कारों में 267 किलो मिला, पुलिस को देख तस्कर जंगल में फरार
कई राज्यों से जुड़े हो सकते हैं रैकेट के तार
पुलिस की शुरुआती जांच में यह मामला सिर्फ महाराष्ट्र तक सीमित नहीं दिखाई दे रहा है। जांच में बिहार, दिल्ली और हरियाणा के कनेक्शन भी सामने आए हैं। जांच में यह भी पता चला है कि दिल्ली में कोडवर्ड के जरिए महाराष्ट्र के कुछ लोगों से संपर्क किया गया था। इसके बाद प्रश्नपत्र बेचने की डील तय हुई।
SIT करेगी पूरे मामले की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। SIT अब पूरे नेटवर्क की जांच करेगी। इसके अलावा पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन, बैंक खातों, डिजिटल लेनदेन और कॉल रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
परीक्षा फिलहाल स्थगित
पेपर लीक की पुष्टि होने के बाद महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने 28 जून को होने वाली TET 2026 परीक्षा को स्थगित कर दिया है।
परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों अभ्यर्थियों को अब नई तारीख का इंतजार करना होगा। परिषद ने कहा है कि परीक्षा की नई तिथि जल्द घोषित की जाएगी ताकि सभी उम्मीदवार निष्पक्ष तरीके से परीक्षा दे सकें।
अभ्यर्थियों में नाराजगी
परीक्षा स्थगित होने के बाद अभ्यर्थियों में नाराजगी देखने को मिल रही है। कई उम्मीदवारों का कहना है कि उन्होंने लंबे समय तक तैयारी की थी और परीक्षा से ठीक पहले पेपर लीक की खबर आने से उनकी मेहनत पर असर पड़ा है। सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर कई सवाल उठाए जा रहे हैं। छात्र दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
क्या है आगे की कार्रवाई?
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है। गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है और कई राज्यों में छापेमारी की तैयारी भी की जा रही है।











