Mahakumbh 2025 : महाकुंभ में आस्था की ऐतिहासिक डुबकी, 50 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने किया स्नान, सबसे बड़ा जनसमूह का रिकॉर्ड

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को बताया कि प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ के दौरान अब तक 50 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाई है। यह संख्या भारत और चीन को छोड़कर दुनिया के बाकी देशों की आबादी से ज्यादा है।
प्रयागराज में महाकुंभ मेले की मेजबानी कर रही उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बयान में दावा किया कि यह मानव इतिहास में किसी भी धार्मिक, सांस्कृतिक या सामाजिक आयोजन के लिहाज से 'सबसे बड़ा जनसमूह' है। 45 दिनों तक चलने वाले महाकुंभ के अभी 12 दिन और बचे हैं।
प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु आ रहे महाकुंभ
महाकुंभ 13 जनवरी को शुरू हुआ था और हिंदुओं के बीच पवित्र माने जाने वाले गंगा, यमुना और पौराणिक सरस्वती नदियों के संगम त्रिवेणी संगम के तट पर 26 फरवरी तक चलेगा। इसमें प्रतिदिन भारत और दुनिया भर से लाखों श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।
भारत-चीन को छोड़कर बाकी देशों से अधिक संख्या
प्रदेश सरकार के अनुसार शुक्रवार को शाम 6 बजे तक 92 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई, जिससे महाकुंभ में आ चुके कुल श्रद्धालुओं की संख्या 50 करोड़ को पार कर गई। अमेरिका, रूस, इंडोनेशिया, ब्राजील, पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे देशों की आबादी 50 करोड़ से कम है।'' सरकार ने कहा, ''केवल भारत और चीन की आबादी ही महाकुंभ में आ चुके श्रद्धालुओं की संख्या के मामले में ज्यादा है। इसके विपरीत अमेरिका, इंडोनेशिया, पाकिस्तान और ब्राजील जैसे देश काफी पीछे हैं।''
दुनिया के टॉप 10 सबसे अधिक आबादी देश
दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देशों की सूची (अमेरिकी जनगणना ब्यूरो के अनुसार)- IN भारत – 141.93 करोड़
- CN चीन – 140.71 करोड़
- US अमेरिका – 34.20 करोड़
- ID इंडोनेशिया – 28.35 करोड़
- PK पाकिस्तान – 25.70 करोड़
- NG नाइजीरिया – 24.27 करोड़
- BR ब्राजील – 22.13 करोड़
- BD बांग्लादेश – 17.01 करोड़
- RU रूस – 14.01 करोड़
- MX मेक्सिको – 13.17 करोड़
29 जनवरी को बना था रिकॉर्ड
मौनी अमावस्या (29 जनवरी) को एक ही दिन में 8 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया। इसी दिन संगम में मची भगदड़ में 30 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई थी और 60 अन्य घायल हुए थे।
26 फरवरी तक चलेगा महाकुंभ
गंगा, यमुना और पौराणिक सरस्वती के संगम तट पर यह महाकुंभ 26 फरवरी तक जारी रहेगा। दुनियाभर से श्रद्धालु इस पावन आयोजन में हिस्सा ले रहे हैं और सरकार ने व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए बड़े पैमाने पर इंतजाम किए हैं।













