बालाघाट में ट्रेन की चपेट में आने से बाघ शावक की मौत, कई घंटे तक शव के पास दहाड़ती रही मां

बालाघाट। कटंगी-तिरोड़ी रेलमार्ग पर रविवार को ट्रेन की चपेट में आने से करीब एक वर्षीय बाघ शावक की मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंची बाघिन कई घंटों तक अपने मृत शावक के आसपास मंडराती रही। उसकी लगातार दहाड़ और गुर्राहट के कारण मौके पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल रहा। घटना ने जंगल से गुजरने वाले रेलमार्ग पर वन्यजीवों की सुरक्षा के इंतजामों पर भी गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।
हादसा वन विकास निगम के कटंगी परिक्षेत्र अंतर्गत कक्ष क्रमांक 786 में हुआ। बताया गया कि शावक जंगल से गुजरने वाली रेल पटरी पार कर रहा था, तभी ट्रेन की चपेट में आ गया। सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा, लेकिन बाघिन की मौजूदगी के कारण शव को हटाना चुनौतीपूर्ण रहा।
काफी सतर्कता बरतते हुए वनकर्मियों ने शव को वहां से हटाया। पेंच से पहुंचे पशु चिकित्सकों ने पोस्टमॉर्टम किया। इसके बाद राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार अधिकारियों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।
बांधवगढ़ में बाघ से संघर्ष में तेंदुए की मौत, पनपथा कोर रेंज के बघडो बीट में मिला कुछ दिन पुराना शव
चार शावकों के साथ विचरण कर रही थी बाघिन
स्थानीय लोगों के अनुसार खांडिटोला से हीरापुर और पौनिया के जंगलों में पिछले कुछ दिनों से एक बाघिन अपने चार शावकों के साथ देखी जा रही थी। इस क्षेत्र में बाघों के अलावा हिरण, जंगली सूअर और जंगली गाय सहित अन्य वन्यजीवों का भी बसेरा है। घटना की सूचना पर तिरोड़ी थाने की डायल 112 टीम पहुंची, लेकिन बाघिन की दहाड़ सुनकर पुलिसकर्मी वाहन से बाहर नहीं निकल सके।
उमरिया के जंगल में मिला 7-10 साल के तेंदुए का शव, पास में मिले बाघ के पगमार्क
पांच किलोमीटर जंगल से गुजरती है रेल पटरी
कटंगी रेलमार्ग का लगभग पांच किलोमीटर हिस्सा घने जंगल से होकर गुजरता है। यह क्षेत्र पेंच नेशनल पार्क से जुड़ा है और वन्यजीवों की आवाजाही का प्रमुख मार्ग है। स्थानीय लोगों ने रेलवे और वन विभाग से पटरी के दोनों ओर सुरक्षा जाली या बाड़ लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।




















