Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बरगी वाला जंगली हाथी फिर चर्चा में, डिंडोरी के समनापुर में 56 वर्षीय महिला को किया घायल

जबलपुर के बरगी से सिवनी होते हुए डिंडोरी पहुंचा हाथी अब मप्र-छग सीमा पर है। 12 से ज्यादा टीमें निगरानी कर रहीं, गांवों में अलर्ट जारी।
बरगी वाला जंगली हाथी फिर चर्चा में, डिंडोरी के समनापुर में 56 वर्षीय महिला को किया घायल

जबलपुर। करीब एक माह पहले जबलपुर के बरगी क्षेत्र में पहुंचकर चर्चा में आया जंगली हाथी एक बार फिर सुर्खियों में है। जबलपुर से सिवनी और फिर डिंडोरी के जंगलों में विचरण करता हुआ यह हाथी अब मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा पर पहुंच गया है।

पिछले कुछ दिनों से डिंडोरी के जंगलों में डेरा जमाए हाथी ने समनापुर के पास 56 वर्षीय महिला रामबाई को घायल कर दिया। घटना के बाद वन विभाग ने आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है। हाथी के मवई (मंडला) की तरफ बढ़ने की आशंका को देखते हुए गांवों में मुनादी कराई जा रही है। ग्रामीणों को बताया जा रहा है कि हाथी आसपास ही मौजूद है, इसलिए सतर्क रहें।

समनापुर के पास महिला को किया घायल

हाथी की आवाजाही के दौरान समनापुर के पास 56 वर्षीय रामबाई उसके हमले में घायल हो गईं। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और महिला का उपचार कराया। इस घटना के बाद आबादी वाले क्षेत्रों में हाथी की संभावित आवाजाही को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

वन विभाग की ओर से मुनादी कराकर ग्रामीणों को जंगल और खेतों की तरफ अकेले नहीं जाने की सलाह दी जा रही है। साथ ही हाथी दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने, भीड़ लगाने या उसे भगाने की कोशिश नहीं करने की हिदायत दी गई है।

सूरजपुर में 16 लोगों की जान लेने वाले कबरा कान हाथी को रेडियो कॉलर लगाने की तैयारी अब सैटेलाइट से होगी निगरानी

मप्र-छग बॉर्डर पर हाथी की मौजूदगी

सीसीएफ जबलपुर मस्तराम बघेल ने बताया कि यह वही जंगली हाथी है, जो करीब एक माह पहले जबलपुर के बरगी क्षेत्र में पहुंचा था। वहां से सिवनी होते हुए डिंडोरी के जंगलों में विचरण कर रहा था।

आबादी की तरफ हाथी की मूवमेंट की आशंका को देखते हुए पहले ही अलर्ट जारी किया गया था। फिलहाल हाथी मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा पर विचरण कर रहा है और अभी मध्यप्रदेश की सीमा में ही है।

मैहर में जंगली हाथी का आतंक, भीड़ देख बिदका तो गाय को कुचलकर मार डाला

12 से ज्यादा टीमें कर रहीं निगरानी

डीएफओ डिंडोरी अशोक सोनी ने बताया कि हाथी की निगरानी के लिए आसपास के सभी जिलों की वन विभाग की टीमें लगाई गई हैं। मंडला और डिंडोरी सहित अन्य क्षेत्रों की 12 से ज्यादा टीमें उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।

मंडला ईस्ट डीएफओ प्रीथा एसएम ने बताया कि मवई की तरफ हाथी के बढ़ने की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों को लगातार सतर्क किया जा रहा है। रात के समय हाथी की आवाजाही वाले संभावित क्षेत्रों में एहतियात के तौर पर बिजली आपूर्ति बंद भी की जा सकती है। वन विभाग का प्रयास है कि हाथी की आवाजाही के दौरान ग्रामीणों और वन्यजीव के बीच किसी तरह का टकराव न हो।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts