रायसेन में अवैध सागौन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 20 नग लकड़ी और कार जब्त; दो आरोपी फरार

रायसेन। कार्रवाई के दौरान मौके से 20 नग सागौन लकड़ी बरामद की गई, जिसकी मात्रा करीब 0.378 घनमीटर और अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई जा रही है। मौके से टाटा विस्टा कार क्रमांक MP04CJ9814 भी जब्त की गई, जबकि तलाशी के दौरान दो आरोपी मौके से फरार हो गए।
40 सदस्यीय वन-पुलिस दल ने चलाया तलाशी अभियान
इस संयुक्त कार्रवाई में बाड़ी, बम्होरी, विनेका, सुल्तानपुर सहित विभिन्न रेंज का वन अमला शामिल रहा। करीब 40 सदस्यीय वन-पुलिस दल ने तलाशी अभियान चलाया। लकड़ी और वाहन का पंचनामा तैयार कर वन विभागीय प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें: बच्चों की थाली पर गंभीर संकट, भुगतान अटका; बजट बढ़ाने की मांग को लेकर स्व-सहायता समूहों की चूल्हा बंद हड़ताल
वन अमले से अभद्रता और पथराव जैसी स्थिति
वन अधिकारियों के अनुसार तलाशी के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने वन अमले के साथ अभद्र व्यवहार किया और पथराव जैसी स्थिति बन गई। महिला वनकर्मियों के साथ भी अभद्रता का आरोप लगाया गया है। हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। इस दौरान दो आरोपी मौके से फरार हो गए।
सागौन के स्रोत और वाहन की भूमिका की जांच
विभाग अब जब्त सागौन के स्रोत और उसके सिंधी कैंप तक पहुंचने की कड़ियों की जांच कर रहा है। साथ ही जब्त वाहन की लकड़ी के परिवहन में भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। वाहन के रजिस्ट्रेशन के आधार पर मालिक की तलाश की जा रही है।
शिकायत और साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
जितेंद्र तोमर प्रभारी एसडीओ वन विभाग ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की गई है। दो आरोपी फरार हैं, वाहन मालिक पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। इस दौरान राहुल ठाकुर रेंजर बाड़ी, शिव कुमार गुर्जर रेंजर विनेका सहित बम्होरी और सुल्तानपुर के वन विभाग के वन कर्मी भी मौजूद रहे। एसडीओपी नीलम चौधरी ने बताया कि वन विभाग की शिकायत पर घटनाक्रम और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी। वहीं थाना प्रभारी जे.पी. त्रिपाठी ने कहा कि शिकायत, दस्तावेज और मौके के साक्ष्यों की जांच के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




















