हरसूद के धारूखेड़ी में जनविश्वास शिविर, 660 आवेदनों का मौके पर हुआ निराकरण

हरसूद। कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने शिविर में संबंधित विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल पर पहुंचकर अधिकारियों से जानकारी ली और पात्र हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही दिया गया। शिविर में ग्रामीण विकास, राजस्व, कृषि, महिला एवं बाल विकास, श्रम, उद्यानिकी, पशु चिकित्सा और ई-गवर्नेंस विभाग सहित कुल 660 ग्रामीणों के आवेदनों का निराकरण किया गया। कलेक्टर ने ग्रामीणों को संबल योजना, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री भूस्वामित्व योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी और स्वास्थ्य शिविर का लाभ लेने की अपील की।
पात्र हितग्राहियों को मौके पर मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में संजय कुमार को बच्चों को जाति प्रमाण पत्र, अनादिया शौकत, निति और शुभि पिता रोहित को लाडली लक्ष्मी योजना के तहत अनुग्रह सहायता की राशि की स्वीकृति दी गई। राजेश रणछोड और ईश्वर पिता रामदास को भूस्वामित्व योजना में प्रमाण पत्र, सेवति बाई को संबल योजना और सुरजलाल बघेल को पेंशन योजना में स्वीकृत प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
ये भी पढ़ें: कुबेरेश्वरधाम में राधाष्टमी की धूम, 56 भोग के बाद पंडित प्रदीप मिश्रा करेंगे महाआरती
660 ग्रामीणों के आवेदनों का किया गया निराकरण
शिविर में ग्रामीण विकास विभाग, राजस्व विभाग, कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, श्रम विभाग, उद्यानिकी विभाग, पशु चिकित्सा विभाग और ई-गवर्नेंस विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। यहां ग्रामीणों की समस्याओं और आवेदनों का निराकरण किया गया और कुल 660 ग्रामीणों के आवेदनों का निराकरण किया गया।
गांव-गांव लगाए जा रहे मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर
मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी सुदेश वानखेड़े और उपाध्यक्ष दिवयादित्य ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बच्चों के जन्म से लेकर वृद्धावस्था तक समाज के हर वर्ग के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं। ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने के उद्देश्य से गांव-गांव में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शिविर लगाए जा रहे हैं।
युवाओं, महिलाओं को योजनाओं से सशक्त बनाने का प्रयास
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि विकास लगातार चलने वाली प्रक्रिया है और आज गांव-गांव में स्कूल, कॉलेज, शिक्षा, स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं से लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार अवसर उपलब्ध कराने और आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया जा रहा है, वहीं माता और बहनों को लाडली लक्ष्मी योजना और लाडली बहना योजना के माध्यम से सशक्त बनाने का प्रयास किया गया है।
कई बीमारियों की जांच नि:शुल्क
कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने ग्रामीणों को मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर में संबल योजना, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री भूस्वामित्व योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ लेने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं के हीमोग्लोबिन की जांच के साथ ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और टीबी जैसी बीमारियों की जांच नि:शुल्क की जा रही है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में पानी की जांच करने की सुविधा उपलब्ध है और एक्स-रे की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे ग्रामीणों को सामान्य जांच के लिए गांव से जिला अस्पताल जाने की जरूरत नहीं होगी।
ये भी पढ़ें: कोल्ड्रिफ सिरप कांड: थोक विक्रेता राजेश सोनी को हाईकोर्ट से मिली जमानत, 11 महीने बाद राहत
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर में जिला योजना समिति सदस्य संतोष सिटोके, जिला महामंत्री संतोष सोनी, जनपज पंचायत अध्यक्ष ममता सावनेर, उपलब्ध चरण सिंह, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, एसपी अगम जैन, जिला पंचायत सीईओ ऐश्वर्य वर्मा, अपर कलेक्टर श्रद्धा शुक्ला, एसडीएम आरसी खतेडिया, जंप सीईओ जितेन्द्र सिंह ठाकुर, सरपंच राजेश धुलिया सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



















