डिंडौरी में सड़क की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, 5 किमी कच्चे रास्ते से परेशान स्कूली बच्चे

डिंडौरी। ग्रामीणों का कहना है कि कछरा टोला और मुरमी टोला को जोड़ने वाला करीब 5 किलोमीटर का रास्ता कच्चा है, जो बारिश में दलदल में तब्दील हो जाता है। पुलिस, राजस्व अमला और शहपुरा SDM ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को सड़क निर्माण के प्रस्ताव पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया।
बदहाल सड़क से नाराज ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
जनपद पंचायत मेहदवानी अंतर्गत ग्राम पंचायत सारंगपुर के पोषक ग्राम में बदहाल रास्ते से नाराज ग्रामीणों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने बुधवार सुबह मेहदवानी-शहपुरा स्टेट हाईवे, कनेरी रैयत पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण सड़क पर धरने पर बैठ गए, जिसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
ये भी पढ़ें: डिंडौरी में जादू-टोने के शक में 65 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या, पुलिस ने आरोपी भतीजे को हिरासत में लिया
पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर समझाया
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व अमला और शहपुरा SDM मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर सड़क निर्माण के प्रस्ताव पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया और सड़क पर यातायात बहाल हो सका।
5 किमी कच्चे रास्ते से मरीजों और बच्चों को परेशानी
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मुख्य मार्ग से कछरा टोला और मुरमी टोला को जोड़ने वाला करीब 5 किलोमीटर का पहुंच मार्ग कच्चा है और क्षेत्र में करीब 800 लोग रहते हैं। बारिश के दिनों में रास्ता दलदल में तब्दील हो जाता है, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों को भारी परेशानी होती है। एंबुलेंस या चार पहिया वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाने के कारण मरीजों को अस्पताल ले जाना भी चुनौती बन जाता है।
सरपंच बोलीं- कई स्तर पर गुहार के बाद भी समाधान नहीं
सरपंच कमलवती परस्ते ने कहा कि गांव में सड़क की गंभीर समस्या है। ग्रामीणों की मांग को लेकर वह जनपद और जिला स्तर से लेकर भोपाल तक फाइल लेकर जा चुकी हैं, लेकिन अब तक शासन-प्रशासन से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। ग्रामीण कृष्ण लाल, बसंत, गोविंद और तोखे लाल ने कहा कि 5 किमी का कच्चा रास्ता बारिश में नारकीय हो जाता है और एंबुलेंस तक नहीं आ पाती। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सड़क निर्माण शुरू नहीं होता, समस्या का समाधान नहीं होगा।




















