डिंडौरी में जादू-टोने के शक में 65 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या, पुलिस ने आरोपी भतीजे को हिरासत में लिया

डिंडौरी। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात हुई वारदात के बाद बुधवार सुबह लामिया बाई का खून से लथपथ शव घर के बाहर सड़क किनारे मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर संदेही भतीजे संतोष उद्दे को हिरासत में लिया है और उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।
जादू-टोने के शक में वृद्धा की हत्या
आदिवासी बाहुल्य जिले डिंडौरी में अंधविश्वास के चलते यह सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बजाग थाना क्षेत्र के ग्राम चांडा में 65 वर्षीय लामिया बाई पति जगतराम आयाम की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई, शुरूआती जांच में जादू-टोने के संदेह का मामला सामने आया है।
ये भी पढ़ें: सिवनी में खेत में मिला अज्ञात महिला का शव, पैर पर मिले काले निशान; करंट से मौत की आशंका
सड़क किनारे खून से लथपथ मिला शव
घटना मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है। बुधवार सुबह लामिया बाई का खून से लथपथ शव उनके घर के बाहर सड़क किनारे पड़ा मिला, जिसके बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
पुलिस ने भतीजे को हिरासत में लिया
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बजाग भिजवाया गया, वहीं पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदेही भतीजे संतोष उद्दे, उम्र 45 वर्ष, को हिरासत में ले लिया।
आरोपी से पूछताछ में जुटी पुलिस
घटना के संदेही संतोष उद्दे से पुलिस सघन पूछताछ कर रही है। एसडीओपी बजाग विवेक गौतम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जादू-टोने के संदेह का मामला सामने आया है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




















