Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP Weather Update : बर्फीली हवाओं ठिठुरा प्रदेश, पचमढ़ी और कल्याणपुर में पारा रिकॉर्ड 1 डिग्री, भोपाल - इंदौर समेत 37 जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट

Follow on Google News
MP Weather Update : बर्फीली हवाओं ठिठुरा प्रदेश, पचमढ़ी और कल्याणपुर में पारा रिकॉर्ड 1 डिग्री, भोपाल - इंदौर समेत 37 जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट
भोपाल। मध्य प्रदेश में शीतलहर का कहर जारी है। उत्तर भारत से लगातार आ रही बर्फीली हवाओं के कारण पूरा मध्य प्रदेश में ठिठुर रहा है। शीतलहर से 9 शहरों में तो पारा 5 डिग्री से भी नीचे आ गया है। वहीं शनिवार-रविवार की रात में हिल स्टेशन पचमढ़ी और शहडोल के कल्याणपुर में पारा रिकॉर्ड 1 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। पिछले 10 सालों में ऐसा दूसरी बार हुआ है, जब दिसंबर इतना ठंडा रहा हो। भोपाल में 4 डिग्री से कम तापमान 2021 में गया था। रविवार को 17 शहर शीतलहर की चपेट में रहे। इनमें से 4 में तीव्र शीत लहर का प्रभाव रहा। वहीं सोमवार को भोपाल, जबलपुर समेत 37 जिलों में शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया गया। कई जगहों पर सोमवार सुबह फसलों पर ओस की बूंदें जम गई।

इन जिलों में चली शीत लहर

मौसम के मुताबिक, रविवार को रायसेन, राजगढ़, खंडवा, शाजापुर, मंडला, उमरिया, सिवनी, नौगांव, अनूपपुर, नीमच, शिवपुरी, सिंगरौली और पचमढ़ी में शीत लहर का प्रभाव रहा। जबकि भोपाल, सीहोर, शहडोल जबलपुर में तीव्र शीत लहर चली। इसके चलते न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से कम रहा।

हिल स्टेशन पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा

मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे के दौरान सबसे कम तापमान हिल स्टेशन पचमढ़ी और शहडोल के कल्याणपुर में 1 डिग्री दर्ज किया गया। मंडला में 3 डिग्री और उमरिया में 3.3 डिग्री दर्ज किया गया। राजगढ़, खजुराहो में पारा 5 डिग्री के नीचे ही रहा। बड़े शहरों की बात करें तो राजधानी भोपाल में पारे में गिरावट हुई और यह 3.3 डिग्री पर आ पहुंचा। इंदौर में सबसे ज्यादा 9.6 डिग्री रहा। जबलपुर व ग्वालियर में 5 डिग्री और उज्जैन में 7.5 डिग्री दर्ज किया गया। बाकी शहरों में भी पारा 10 डिग्री के नीचे ही दर्ज किया गया।

मौसम का ये सिस्टम है सक्रिय

वर्तमान में उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम (12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर पश्चिम से पूर्व की तरफ 222 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं बह रही) बना हुआ है। इस वजह से बर्फीली हवाएं प्रदेश में आ रही है। जिससे टेम्प्रेचर लुढ़क गया है। अंडमान में एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। अफगानिस्तान के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। मध्य पाकिस्तान एवं उससे लगे जम्मू के ऊपर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। पूर्वी राजस्थान पर एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, अभी दो दिन तक उत्तरी हवाओं का प्रवाह बना रहने से ठंड के तेवर तीखे बने रह सकते हैं। उसके बाद हवाओं का रुख पूर्वी होने से ठंड से कुछ राहत मिलने के आसार हैं।

इन जिलों में ठंड का अलर्ट

मौसम विभाग ने शाजापुर, आगर-मालवा, राजगढ़, सीहोर, रायसेन, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर और मंडला में ऑरेंज और यलो अलर्ट है। यहां बर्फ जम सकती है। राजधानी भोपाल और जबलपुर में शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं, नीमच, मंदसौर, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खंडवा, बुरहानपुर, देवास, शिवपुरी, मुरैना, भिंड, छतरपुर, पन्ना, सतना, सिंगरौली, कटनी, डिंडौरी, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट में शीतलहर का यलो अलर्ट है।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts