Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

विदिशा में जले 2 लाख से ज्यादा दीये, 18 आइकॉनिक स्थलों पर ‘आशीर्वाद का दीया’

विदिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिले के 18 आइकॉनिक स्थलों पर 2 लाख से ज्यादा दीये जलाए गए। मंदिरों, घाटों, ग्राम पंचायतों और नगरीय वार्डों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने उत्साह से हिस्सा लिया।
विदिशा में जले 2 लाख से ज्यादा दीये, 18 आइकॉनिक स्थलों पर ‘आशीर्वाद का दीया’
प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि एवं नागरिक दीपक जलते हुए

विदिशा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर मध्यप्रदेश शासन के निर्देश पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत विदिशा जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले के 18 आइकॉनिक स्थलों पर एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इस दौरान 2 लाख से ज्यादा दीये जलाए गए।

18 ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों पर रोशनी

कार्यक्रम के तहत जिले के ऐतिहासिक, धार्मिक, पुरातात्विक और सांस्कृतिक महत्व वाले 18 स्थलों को दीपों से रोशन किया गया। इनमें उदयगिरि, उदयपुर मंदिर बासौदा, माला देवी मंदिर ग्यारसपुर, महामाई मंदिर सिरोंज, चरण तीर्थ घाट विदिशा, जैन मंदिर पठारी, खाम बाबा, देवपुर मंदिर सिरोंज, रंगई घाट, मुरली घाट कुरवाई और कालिदास घाट कुरवाई सहित अन्य स्थल शामिल रहे। इन स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और आम नागरिकों ने दीप जलाकर कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

बेतवा नदी किनारे हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम

विदिशा शहर में बेतवा नदी के किनारे बाढ़ वाले गणेश मंदिर के पास जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विधायक मुकेश टंडन, नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति राकेश शर्मा, कलेक्टर अंशुल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान सेवा, जनभागीदारी, सुशासन और जनकल्याण का संदेश दिया गया।

Breaking News

विधायक ने गिनाईं सरकार की योजनाएं

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मुकेश टंडन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है और देश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से ऐसे पात्र लोगों की पहचान की जा रही है, जो किसी कारण से अब तक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाए हैं। ऐसे लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

विद्यार्थियों ने नाटक से दिया स्वच्छता और नशामुक्ति का संदेश

कार्यक्रम में एसएटीआई के विद्यार्थियों ने स्वच्छता और नशामुक्ति पर आधारित नाटकों की प्रस्तुति दी। नाटक के जरिए लोगों को स्वच्छता अपनाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने स्वस्थ और जागरूक समाज बनाने में नागरिकों की भूमिका को भी अपनी प्रस्तुति के जरिए सामने रखा।

दिव्यांग हितग्राहियों को बांटे उपकरण

जिला स्तरीय कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ और आवश्यक उपकरण वितरित किए गए। अतिथियों ने प्रतीक स्वरूप हितग्राहियों को सामग्री प्रदान की।

ग्राम पंचायतों और वार्डों में भी जले दीये

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम केवल आइकॉनिक स्थलों तक सीमित नहीं रहा। जिले के सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों, ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों के सभी वार्डों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए। एक साथ बड़ी संख्या में दीये जलने से विदिशा जिले में उत्साह और रोशनी का माहौल नजर आया। कार्यक्रम के जरिए सेवा, सहयोग, जनभागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

Ram Tiwari
By Ram Tiwari

Latest Posts