Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

उज्जैन के अधिकारी ने थाईलैंड में मगरमच्छ का मांस खाया, VIDEO वायरल होते ही घिरे! विदेश यात्रा की अनुमति नहीं लेने पर कार्रवाई के संकेत

उज्जैन नगर निगम के भवन अधिकारी राजकुमार राठौर का पत्नी के साथ मगरमच्छ का मांस खाते हुए वीडियो सामने आया है। वीडियो थाईलैंड का बताया जा रहा है। आयुक्त के मुताबिक, अधिकारी ने विदेश यात्रा की अनुमति नहीं ली थी। मामले में विभागीय कार्रवाई के संकेत मिले हैं। महापौर ने वीडियो की पुष्टि कराने की बात कही है।
उज्जैन के अधिकारी ने थाईलैंड में मगरमच्छ का मांस खाया, VIDEO वायरल होते ही घिरे! विदेश यात्रा की अनुमति नहीं लेने पर कार्रवाई के संकेत

उज्जैन। नगर निगम के भवन अधिकारी राजकुमार राठौर का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह अपनी पत्नी के साथ मगरमच्छ का मांस खाते नजर आ रहे हैं। वीडियो थाईलैंड का बताया जा रहा है। इसके सामने आने के बाद अधिकारी की विदेश यात्रा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के मुताबिक, राठौर ने विदेश जाने के लिए विभाग से अनुमति नहीं ली थी। ऐसे में उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।

वीडियो के कैप्शन में लिखा- थाईलैंड में पहली बार मगरमच्छ चखा

सामने आए वीडियो के कैप्शन में अंग्रेजी में लिखा है- 'Trying crocodile for the first time in Thailand'। इसका मतलब है कि थाईलैंड में पहली बार मगरमच्छ का मांस चखा। वीडियो में राजकुमार राठौर अपनी पत्नी के साथ इसे खाते दिखाई दे रहे हैं। राठौर नगर निगम के जोन क्रमांक 1, 2 और 3 में भवन अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं।

X Post

19 से 23 अक्टूबर तक अवकाश पर हैं अधिकारी

नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के अनुसार, राजकुमार राठौर 19 से 23 अक्टूबर तक अवकाश पर हैं। हालांकि, उन्होंने विदेश यात्रा के लिए सक्षम अधिकारी से अनुमति नहीं ली थी। नियमानुसार सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों को विदेश जाने से पहले निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुमति लेना जरूरी होता है। इस मामले में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।

निंदा से लेकर वेतनवृद्धि रोकने तक की हो सकती है कार्रवाई

अपर आयुक्त संतोष टैगोर ने भी मामले में कार्रवाई के संकेत दिए हैं। विभागीय नियमों के तहत अधिकारी के खिलाफ निंदा, वेतनवृद्धि रोकने या पदोन्नति रोकने जैसी कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि, अभी तक किसी कार्रवाई का आधिकारिक आदेश सामने नहीं आया है।

Breaking News

महापौर बोले- वीडियो की पुष्टि कराएंगे

महापौर मुकेश टटवाल ने कहा कि उन्हें फिलहाल इस मामले की जानकारी नहीं है। जानकारी मिलने के बाद वीडियो और पूरे मामले की सच्चाई की पुष्टि कराई जाएगी। यदि नियमों के तहत कार्रवाई की गुंजाइश मिलती है, तो विधिसम्मत कदम उठाए जाएंगे। वहीं, अधिकारी राजकुमार राठौर से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts