कपिल शर्मा ने ‘Pehla Pyaar Doosri Baar’ की स्टार कास्ट की खिंचाई, Gen-Z की डेटिंग पर भी कसा तंज

रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘पहला प्यार दूसरी बार’ सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म की चर्चा के बीच इसकी पूरी स्टार कास्ट ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो’ में पहुंची। यहां कपिल शर्मा ने अपने खास अंदाज में कलाकारों की टांग खींची और जेन-ज़ी के डेटिंग तरीकों पर मजेदार तंज कसे। शो का एक प्रमोशनल वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर किया गया है।
कपिल के सवालों पर हंसी से गूंजा शो
अनुज सैनी के निर्देशन और लव रंजन के प्रोडक्शन में बनी इस फिल्म में स्पर्श वालिया, अलीशा चोपड़ा, साक्षी वैद्य, कुणाल वैद, सरगुन कौर लूथरा और तुषार छिब्बर नजर आ रहे हैं। फिल्म की पूरी स्टार कास्ट जब कपिल के शो में पहुंची, तो वहां खूब हंसी-मजाक हुआ। लव फिल्म्स की ओर से शेयर किए गए वीडियो में कपिल कलाकारों से उनके शो में आने की वजह पूछते नजर आ रहे हैं। उन्होंने नए कलाकारों को अपनी डेब्यू फिल्म का प्रमोशन करने के लिए शो में पहुंचने पर भी छेड़ा।
जेन-ज़ी की डेटिंग पर कपिल ने ली चुटकी
बातचीत के दौरान कपिल शर्मा ने जेन-ज़ी के डेटिंग के तरीकों पर भी मजेदार तंज कसे। फिल्म में प्यार और रिश्तों को नए अंदाज में दिखाया गया है, वहीं शो में भी कपिल ने इसी विषय को लेकर कलाकारों के साथ हंसी-मजाक किया। लव फिल्म्स ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, "डियर कपिल, कृपया ‘पहला प्यार दूसरी बार’ के कपल्स की कोलैब रिक्वेस्ट स्वीकार कर लें।" इसके साथ फिल्म के सिनेमाघरों में रिलीज होने की जानकारी भी दी गई।
क्या है फिल्म की कहानी?
‘पहला प्यार दूसरी बार’ एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है। इसकी कहानी आज के रिश्तों, स्कूल रीयूनियन और प्यार को दूसरा मौका मिलने के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में रोमांस, कॉमेडी और इमोशन्स का मेल देखने को मिलता है।




















