'राजीव बहुत हैंडसम थे...', Instagram के बाद X पर सोनिया गांधी की एंट्री, सुनाई राजीव गांधी सगं पहली मुलाकात की कहानी

कभी एक छोटे से रेस्तरां में हुई मुलाकात जिंदगी की सबसे खूबसूरत याद बन जाती है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने भी अपनी जिंदगी से जुड़ा ऐसा ही दिलचस्प किस्सा शेयर किया है। उन्होंने बताया कि कैसे इंग्लैंड के एक ग्रीक रेस्तरां में उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई और धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर डेब्यू करते हुए अपनी आने वाली आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) की झलक दिखाई है।
इंस्टाग्राम के बाद अब X पर सोनिया गांधी की एंट्री
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 22 अक्टूबर 2026 को इंस्टाग्राम पर डेब्यू किया था। यहां उन्होंने अपनी आत्मकथा से जुड़ा पहला वीडियो शेयर किया था। इसके बाद अब उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी अपना अकाउंट बनाया है। सोनिया गांधी ने एक्स पर अपनी पहली पोस्ट में एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह राजीव गांधी से पहली मुलाकात और अपनी जिंदगी के खास पलों को याद करती नजर आ रही हैं। उन्होंने बताया कि कैम्ब्रिज के एक छोटे से ग्रीक रेस्तरां से उनकी प्रेम कहानी शुरू हुई थी। राजीव गांधी के साथ उन्होंने प्यार, खुशियों और यादों से भरी जिंदगी बिताई। अब वह इन यादों को अपनी किताब के जरिए लोगों के साथ साझा करने जा रही हैं।
इटैलियन खाने की तलाश में मिली जिंदगी की मोहब्बत
वीडियो में सोनिया गांधी ने बताया कि जब वह इंग्लैंड में पढ़ाई कर रही थीं, तब उन्हें वहां का खाना ज्यादा पसंद नहीं आता था। उस समय आज की तरह इतने रेस्तरां भी नहीं हुआ करते थे। इसलिए वह अक्सर ऐसी जगह तलाशती थीं, जहां उन्हें अपनी पसंद का इटैलियन खाना मिल सके। इसी दौरान उन्हें कैम्ब्रिज में एक ग्रीक रेस्तरां मिला। वहां यूरोप और भारत के कई छात्र खाना खाने आते थे। इसी रेस्तरां में उनकी पहली मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी।
पहली नजर में राजीव गांधी के बारे में क्या सोचा?
सोनिया गांधी ने अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए बताया कि राजीव गांधी उन्हें शुरुआत से ही अच्छे लगे थे। उन्होंने कहा कि राजीव से मिलकर उन्हें लगा कि वह ऐसे इंसान हैं, जिनके साथ समय बिताना अच्छा लगेगा। बाद में उन्हें पता चला कि राजीव भी उनके बारे में ऐसा ही सोचते थे। सोनिया ने बताया कि एक कॉमन दोस्त ने दोनों की मुलाकात कराई थी। इसके बाद उनकी दोस्ती बढ़ने लगी। दोनों साथ घूमने जाते, दोस्तों के साथ पार्टियों में शामिल होते और एक-दूसरे को समझने लगे।
ये भी पढ़ें: सोनिया गांधी को बड़ी राहत... नागरिकता विवाद वाली याचिका खारिज, नामांकन पर उठाए थे गंभीर सवाल
'राजीव बेहद गुड लुकिंग थे'
सोनिया गांधी ने राजीव गांधी की तारीफ करते हुए एक और दिलचस्प किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि एक बार दोनों वैलेंटाइन पार्टी में गए थे, जहां कई छात्र मौजूद थे। सोनिया के मुताबिक, राजीव दिखने में बेहद अच्छे थे, लेकिन उनकी सबसे खास बात उनका शांत और सौम्य स्वभाव था। राजीव का यही अंदाज सोनिया गांधी को सबसे ज्यादा पसंद आया। उन्होंने कहा कि पहली मुलाकात की वह याद आज भी उनके लिए बेहद खास है और उसे वह कभी नहीं भूल सकतीं।
10 नवंबर को रिलीज होगी सोनिया गांधी की आत्मकथा
सोनिया गांधी की आत्मकथा 'Belonging: A Journey of Love' 10 नवंबर 2026 को रिलीज होने वाली है। इस किताब में उन्होंने इटली में अपने बचपन, इंग्लैंड में बिताए दिनों और राजीव गांधी के साथ अपने रिश्ते से जुड़ी यादों को साझा किया है। इसके अलावा किताब में उनकी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी तथा पति राजीव गांधी की हत्या से जुड़े दुखद अनुभवों का भी जिक्र है। सोनिया गांधी की यह किताब उनके निजी जीवन, परिवार और यादों से जुड़े कई पहलुओं को सामने लाएगी।




















