Fauzi Teaser OUT: प्रभास की ‘फौजी’ का टीजर रिलीज, नेताजी-हिटलर के दौर में दिखा एक्टर का खूंखार अंदाज

साउथ सुपरस्टार प्रभास की फिल्म ‘फौजी’ को लेकर फैंस का इंतजार अब और बढ़ गया है। पहले यह फिल्म 3 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ाकर 19 मार्च 2027 कर दी गई है। प्रभास के जन्मदिन के मौके पर फिल्म के निर्देशक हनु राघवपुडी ने इसका टीजर भी जारी किया। ‘File No. 25: FAUZI’ नाम से आए 2 मिनट 31 सेकंड के इस टीजर में इतिहास, सस्पेंस और जबरदस्त एक्शन की झलक देखने को मिलती है।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस और हिटलर से शुरू होता है टीजर
टीजर की शुरुआत नेताजी सुभाष चंद्र बोस और हिटलर के ऐतिहासिक संदर्भ से होती है। इसमें ब्रिटेन के खिलाफ लड़ाई को लेकर दोनों के बीच बातचीत दिखाई गई है। इसके बाद ब्रिटिश इंटेलिजेंस और जर्मन अधिकारियों के बीच एक भारतीय सैनिक की चर्चा होती है, जिसे अंग्रेज ‘फौजी’ कहते हैं। टीजर में इस सैनिक को अंग्रेजों के लिए एक बड़ी चुनौती के रूप में दिखाया गया है। उसकी रणनीति को समझना और उसे रोकना ब्रिटिश अधिकारियों के लिए मुश्किल नजर आता है।
प्रभास का खूंखार अंदाज, दमदार डायलॉग ने खींचा ध्यान
टीजर के आखिर में प्रभास की दमदार एंट्री होती है। वह दुश्मनों को ललकारते हुए नजर आते हैं। उनका एक डायलॉग भी काफी चर्चा में है- अबे ओ फिरंगी, मैं तेरा खून लूंगा और आजादी भी छीन के। टीजर में प्रभास का एक्शन अवतार और फिल्म का बड़े स्तर पर तैयार किया गया बैकग्राउंड देखने को मिलता है। इसे देखकर फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
दिसंबर 2026 की जगह मार्च 2027 में आएगी फिल्म
पहले ‘फौजी’ की रिलीज 3 दिसंबर 2026 तय बताई जा रही थी। हालांकि, फिल्म का काम पूरा नहीं होने की खबरों के बीच इसकी रिलीज टलने की चर्चा थी। अब फिल्म की नई रिलीज डेट 19 मार्च 2027 बताई गई है। प्रभास की फिल्म ‘स्पिरिट’ की रिलीज भी आगे बढ़ने की खबरों के बीच ‘फौजी’ के लिए नया रिलीज शेड्यूल तय किया गया है। फिल्म के टीजर ने इसकी कहानी और प्रभास के किरदार को लेकर दर्शकों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।




















