सिंगरौली में 40 फीट नीचे नदी में गिरी बोलेरो, पांच लोगों का रेस्क्यू; बड़ा हादसा टला

सिंगरौली। बैढ़न-शासन मार्ग पर शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक बोलेरो अनियंत्रित होकर रेलवे की छोटी पुलिया की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 40 फीट नीचे म्यार नदी में जा गिरी। वाहन में चालक समेत पांच लोग सवार थे। हादसे के बाद सभी लोग नदी के गहरे पानी और पत्थरों के बीच फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम सक्रिय हुआ। डायल-112 पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची। रात के अंधेरे और दुर्गम रास्ते के बावजूद जवानों ने रस्सियों और टॉर्च की मदद से नदी में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने एक-एक कर बोलेरो में फंसे सभी पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया।
शासन से बैढ़न लौट रहे थे पांचों लोग
जानकारी के अनुसार, जगमोहन यादव और उनके चार साथी बोलेरो से शासन क्षेत्र से बैढ़न की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रेलवे की छोटी पुलिया के पास वाहन अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय चालक को अचानक झपकी आने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच कर रही है। रेस्क्यू के बाद सभी पांचों लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
समय पर रेस्क्यू से बची पांच जानें
कोतवाली थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी ने बताया कि पुलिस और SDRF की टीम ने समय रहते मौके पर पहुंचकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।




















