सोहागपुर: रामगंज घाट पर चला बड़ा स्वच्छता अभियान, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने किया श्रमदान

सोहागपुर। स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के तहत महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर नगर परिषद सोहागपुर ने स्वच्छ भारत दिवस मनाया। इस दौरान रामगंज घाट पर वृहद स्वच्छता और श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और नगरवासियों ने मिलकर घाट और आसपास के क्षेत्र की सफाई की।
रामगंज घाट पर की साफ-सफाई
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने खुद श्रमदान करते हुए रामगंज घाट परिसर से कचरा और अन्य अपशिष्ट हटाया। लोगों को सार्वजनिक स्थानों, नदी-घाटों और जलस्रोतों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही स्वच्छता को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
स्वच्छता दूतों और कर्मियों का सम्मान
नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में योगदान देने वाले स्वच्छता दूतों और स्वच्छता कर्मियों का कार्यक्रम के दौरान सम्मान किया गया। उनके नियमित कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।
दिलाई गई स्वच्छता की शपथ
एसडीएम डॉ. बबीता राठौर ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने घर और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने और हर साल 100 घंटे श्रमदान करने का संकल्प लिया।
तवा कॉलोनी के पास पौधरोपण
स्वच्छ भारत दिवस के तहत तवा कॉलोनी के पास मुख्य मार्ग पर पौधरोपण भी किया गया। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित सोहागपुर का संदेश दिया। लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण पर भी जोर दिया गया।
2 से 10 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
राज्य शासन के निर्देशानुसार 2 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा मेरा योगदान अभियान’ आयोजित किया जाना है। इसके तहत अलग-अलग दिनों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। नगर परिषद ने लोगों से अभियान में सक्रिय रूप से शामिल होकर स्वच्छ, सुंदर और हरित सोहागपुर के निर्माण में योगदान देने की अपील की है।
कार्यक्रम में एसडीएम डॉ. बबीता राठौर, नगर परिषद अध्यक्ष लता यशवंत पटेल, उपाध्यक्ष आकाश रघुवंशी, अध्यक्ष प्रतिनिधि यशवंत पटेल, पार्षद अमृता चौरसिया, रवि शंकर उइके, पूर्व पार्षद राकेश चौरसिया, गौरव अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज, अभिनव पालीवाल, सीएमओ धर्मेंद्र शर्मा, तहसीलदार शक्ति श्री चौहान सहित नगर के गणमान्य नागरिक और नगर परिषद कर्मचारी मौजूद रहे।




















