न्यूयॉर्क। AI के गॉडफादर के तौर पर मशहूर यान लेकुन का मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इंसानों के अस्तित्व के लिए खतरा नहीं है। लेकुन के मुताबिक हाल में AI एजेंट्स द्वारा कंपनियों के नेटवर्क और दूसरे सिस्टम को हैक करने की जो घटनाएं हुईं, उसकी वजह AI नहीं बल्कि इंसानों की लापरवाही और कमजोर सिक्योरिटी डिजाइन है। AI एजेंट से जुड़े खतरों पर 'फॉर्च्यून' से बात करते हुए यान लेकुन ने कहा, "वे एजेंट ठीक वही कर रहे हैं जो उन्हें करने के लिए कहा गया था।" उन्होंने कहा कि सिस्टम को एक सुरक्षित सैंडबॉक्स के अंदर काम करना चाहिए था। उन्हें सैंडबॉक्स में होना चाहिए था, लेकिन सैंडबॉक्स लीक हो रहे थे और बहुत खराब तरीके से डिजाइन किए गए थे।
AI के खतरों को बढ़ा-चढ़ाकर बताया जा रहा है
लेकुनयान लेकुन ने कहा कि उन्हें हाल की 'रोग AI' यानी अनियंत्रित AI की घटनाओं को लेकर बिल्कुल भी चिंता नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि वे AI द्वारा इंसानों के अस्तित्व को खत्म करने की थ्योरी से जरा भी" परेशान नहीं हैं और AI के खतरों को जरूरत से ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर बताया जा रहा है। लेकुन को डीप लर्निंग पर काम के लिए जेफ्री हिंटन और योशुआ बेंगियो के साथ 2018 का ट्यूरिंग अवॉर्ड मिला था।
निगरानी से रोक सकते थे
यान लेकुन ने कहा कि OpenAI एजेंट द्वारा Hugging Face को ऑटोमेटिक हैक करने जैसी घटनाओं को बेहतर सिस्टम डिजाइन और निगरानी से रोका जा सकता था। उनका तर्क है कि कुछ AI लैब्स को साइबर सिक्योरिटी की उतनी समझ नहीं है। लेकुन के मुताबिक AI एजेंट से जुड़े खतरों का हल बेहतर सुरक्षा उपाय हैं, न कि AI के मानव अस्तित्व के लिए खतरा बनने जैसे बड़े दावे।
AI सेफ्टी को लेकर दी जा रही चेतावनियों पर उठाए सवाल
लेकुन ने AI सेफ्टी पर बढ़ते फोकस और खासकर 'इफेक्टिव अल्ट्रूइज्म' मूवमेंट से जुड़े आइडियाज की भी आलोचना की। उन्होंने इस मूवमेंट को बहुत ज्यादा नुकसानदायक और पूरी तरह से बर्बादी वाला बताया। लेकुन ने Anthropic के CEO डारियो अमोदेई और OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन की उन चेतावनियों पर भी निशाना साधा, जिसमें कहा गया था कि AI इंसानों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। लेकुन ने कहा कि अमोदेई ईमानदार हैं, लेकिन उन पर ऐसी पॉलिसी का समर्थन करने का आरोप लगाया जिससे बड़ी AI कंपनियों को फायदा होगा, क्योंकि इससे छोटे कॉम्पिटिटर्स और ओपन-सोर्स डेवलपर्स के लिए सर्वाइव करना मुश्किल हो जाएगा।
AI को खतरनाक कहना गलत
लेकुन ने कहा, अमोदेई और सैम ऑल्टमैन का यह कहना कि 'AI हम सबको मार सकता है', हर किसी के लिए बहुत नुकसानदायक है, इसमें आम लोग भी शामिल हैं जो बुरी तरह डरे हुए हैं। उन्होंने इसे अब तक का सबसे बुरा मार्केटिंग कैंपेन करार दिया।