फोन-पे से भेजे लाखों, एक लाख कैश भी दिए! खिलचीपुर में धोखाधड़ी का मामला

खिलचीपुर। राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में पंचायत से जुड़े काम दिलाने और सुदूर सड़क निर्माण की स्वीकृति दिलाने के नाम पर 7 लाख 20 हजार रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। जनपद पंचायत खिलचीपुर की अध्यक्ष सीमा नैनावत के पति सुनील नैनावत की शिकायत पर पुलिस ने भोपाल निवासी शांतिलाल मीणा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने काम दिलाने का भरोसा देकर अलग-अलग किस्तों में रकम ली, लेकिन न तो काम दिलाया और न ही पैसे वापस किए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जनपद कार्यालय में हुई थी मुलाकात
सुनील नैनावत निवासी कछोटिया के मुताबिक, उनकी मुलाकात शांतिलाल मीणा से वर्ष 2024 में जनपद कार्यालय में हुई थी। इसके बाद खिलचीपुर में भी दोनों की मुलाकात हुई। आरोप है कि बातचीत के दौरान शांतिलाल ने भोपाल में अपनी पहचान और प्रभाव का हवाला देते हुए पंचायत विभाग से जुड़े काम दिलाने का भरोसा दिया। शिकायत के अनुसार, इसी भरोसे में सुनील ने आरोपी को अलग-अलग किस्तों में कुल 7.20 लाख रुपये दिए। इनमें से एक लाख रुपये नकद देने और बाकी रकम फोन-पे के जरिए भेजने का दावा किया गया है।
न काम मिला, न रकम वापस हुई
सुनील नैनावत का आरोप है कि पैसे लेने के बाद आरोपी लगातार काम कराने का आश्वासन देता रहा। जब सुदूर सड़क निर्माण की स्वीकृति नहीं मिली और अन्य काम भी नहीं हुए, तो उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी। हालांकि, शिकायतकर्ता के मुताबिक, पैसे वापस नहीं किए गए। इसके बाद सुनील ने बुधवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। खिलचीपुर पुलिस ने भोपाल निवासी शांतिलाल मीणा के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस शिकायत में बताए गए लेन-देन और आरोपों की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम भोपाल भी पहुंची है। फिलहाल मामले में आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।




















