🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

भोपाल  के बड़े तालाब में 350 नौकाओं में निकली तिरंगा यात्रा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शामिल होकर बढ़ाया उत्साह

ओंकारेश्वर, मंडला, बैतूल, बालाघाट, मैहर और हरदा समेत कई जिलों में तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। भोपाल में 350 से अधिक नावों और ओंकारेश्वर में 151 नौकाओं के साथ यात्रा हुई। चितरंगी में तेज धूप के कारण 12 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई।
Follow on Google News
भोपाल  के बड़े तालाब में 350 नौकाओं में निकली तिरंगा यात्रा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शामिल होकर बढ़ाया उत्साह
भोपाल के बड़े तालाब में 350 नाैकाओं पर तिरंगा यात्रा निकाली गई।

भोपाल। स्वतंत्रता दिवस से पहले मध्यप्रदेश में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत गुरुवार को विभिन्न जिलों में तिरंगा यात्राओं और देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राजधानी भोपाल के बड़े तालाब में 350 से अधिक तिरंगा सजी नावों के साथ नौका तिरंगा यात्रा निकाली गई, जबकि उज्जैन में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक घोड़ों पर सवार होकर तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग की मौजूदगी में खिलाड़ियों ने कयाकिंग का प्रदर्शन किया। इस दौरान जल, थल और नभ में राष्ट्रध्वज की छटा दिखाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्राएं राष्ट्रभक्ति को मजबूत करने के साथ देश की एकता और गौरव का संदेश दे रही हैं। मंत्री सारंग ने कहा कि जल, थल और नभ में तिरंगा लहराने का लक्ष्य इस आयोजन के माध्यम से पूरा हुआ।

/img/89/1786613996635

ओंकारेश्वर : नर्मदा नदी में 151 नौकाओं को तिरंगे से  सजाया

मंडला में सीआरपीएफ की 148वीं बटालियन ने बाइक रैली निकाली। बैतूल, ओंकारेश्वर, बालाघाट, मैहर, हरदा और पिपरिया सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी नागरिकों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने तिरंगा यात्राओं में हिस्सा लिया। खंडवा जिले के ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी पर 151 सजी-धजी नौकाओं से तिरंगा यात्रा निकाली गई। नाविक संघ और नगर परिषद के संयुक्त आयोजन में यात्रा ब्रह्मपुरी घाट से शुरू होकर गोमुख घाट और नागर घाट होते हुए वापस ब्रह्मपुरी घाट पहुंची। नौकाओं पर लहराते तिरंगे और देशभक्ति गीतों से नर्मदा तट राष्ट्रभक्ति के रंग में नजर आया। भारत माता के रूप में सजी बालिका आकर्षण का केंद्र रही। 

उज्जैन में निकली दो तिरंगा यात्राएं

उज्जैन में पुलिस-प्रशासन और नगर निगम की ओर से दो तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। दशहरा मैदान से शुरू हुई पुलिस-प्रशासन की यात्रा में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा और नगर निगम आयुक्त घोड़ों पर सवार होकर हाथों में तिरंगा लेकर आगे बढ़े। यात्रा में पुलिस बैंड, अश्वारोही दल, होमगार्ड, एनसीसी और स्काउट के सदस्य शामिल हुए। दूसरी यात्रा शहीद पार्क से शुरू हुई, जिसमें स्कूली बच्चों ने तिरंगा लेकर देशभक्ति गीत और नारे लगाए। यात्रा टावर चौक और देवास गेट होते हुए फव्वारा चौक पहुंची, जहां ध्वजारोहण के बाद इसका समापन हुआ।

Featured News

मंत्री के साथ स्कूली बच्चों ने निकाली तिरंगा यात्रा

मंडला में जिला प्रशासन की तिरंगा रैली पुलिस लाइन ग्राउंड से शुरू हुई। इसमें कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके, भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए। वहीं सीआरपीएफ की 148वीं बटालियन के जवानों ने भी बाइक तिरंगा रैली निकाली। जवानों ने नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरकर लोगों को 'हर घर तिरंगा' अभियान के प्रति जागरूक किया और घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।

केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके तिरंगा यात्रा में शामिल हुए

बैतूल में भी 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत भव्य तिरंगा रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों, अधिकारियों-कर्मचारियों और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके और कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे ने नागरिकों से अभियान से जुड़ने तथा स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति की भावना के साथ मनाने की अपील की।

ये भी पढ़ें: रांची में छात्रों के विधानसभा मार्च पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 600 प्रदर्शनकारियों पर FIR

बालाघाट, हरदा  और मैहर में भी आयोजन

बालाघाट में नगर पालिका और डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एकेडमी की ओर से दो तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। इनमें आईजी ललित शाक्यवार, डीआईजी विनीत जैन, पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा, आयोग सदस्य मौसम हरिनखेड़े और नगर पालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विद्यार्थी शामिल हुए। मैहर में भी खेल मैदान से तिरंगा यात्रा निकली, जिसमें विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह सहित अधिकारी, विद्यार्थी और नागरिक शामिल हुए। हरदा में जिला प्रशासन की तिरंगा यात्रा मिडिल स्कूल ग्राउंड से निकाली गई। इसमें कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, पुलिस अधीक्षक शशांक सहित पुलिस, होमगार्ड, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, खेल एवं युवा कल्याण तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।

चितरंगी में 12 बच्चों की तबीयत  बिगड़ी

नर्मदापुरम जिले के पिपरिया में शासकीय गांधी माध्यमिक शाला के विद्यार्थियों ने इतवारा बाजार से तिरंगा यात्रा निकालकर लोगों से घर-घर तिरंगा फहराने की अपील की सिंगरौली जिले के चितरंगी में तिरंगा यात्रा के दौरान तेज धूप और उमस के कारण सांदीपनि स्कूल के 12 छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। कई बच्चे चक्कर आने से गिर पड़े, जबकि कुछ छात्राओं को सांस लेने में परेशानी हुई। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उपचार के बाद करीब डेढ़ घंटे में सभी बच्चों की स्थिति सामान्य हो गई। 

ये भी पढ़ें: ‘यहां कोई नौटंकी नहीं चलेगी’... पार्क में बैठक करने पहुंचे अभिजीत दीपके का विरोध, लोगों ने जाने को कहा?

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

icon

Latest Posts