डबरा में 3 वर्षीय बच्चे के अपहरण का खुलासा :मासूम 12 घंटे में सकुशल बरामद, शिवपुरी के जंगल से आरोपी गिरफ्तार

डबरा। घर के बाहर खेल रहे तीन वर्षीय मासूम के अपहरण से मचे हड़कंप के बीच ग्वालियर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी को शिवपुरी जिले के मगरोनी क्षेत्र के जंगल से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर ग्वालियर लाया गया है, जहां उससे अपहरण के पीछे के वास्तविक मकसद को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।
घर के बाहर खेलते समय हुआ था लापता
डबरा के कर्रा दफाई निवासी लक्ष्मी आदिवासी का तीन वर्षीय पुत्र कार्तिक उर्फ टिंकू बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे घर के बाहर खेल रहा था। कुछ देर बाद जब मां बाहर आई तो मासूम वहां नहीं मिला। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। रात करीब 10 बजे मामले की सूचना डबरा थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई।
मां ने जताया था परिचित युवक पर शक
पुलिस को दी गई शिकायत में बच्चे की मां ने अपने साथ काम करने वाले होतम उर्फ करिया प्रजापति पर संदेह जताया। उसने बताया कि बच्चे के गायब होने से पहले वही घर के आसपास देखा गया था। पुलिस ने जब संदेही के घर और संभावित ठिकानों पर दबिश दी तो वह भी गायब मिला। इसके बाद पुलिस का शक और गहरा गया।
एसएसपी ने संभाली कमान, एक दर्जन टीमें मैदान में उतरीं
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे। उनके निर्देशन में एएसपी जयराज कुबेर तथा एसडीओपी डबरा और भितरवार के नेतृत्व में करीब एक दर्जन पुलिस टीमें गठित की गईं। डबरा, भितरवार, गिजौरा, पिछोर, झांसी रोड, जनकगंज थाना और क्राइम ब्रांच की टीमों ने अलग-अलग दिशाओं में सर्च अभियान शुरू किया। संभावित मार्गों पर नाकेबंदी कर हर आने-जाने वाले वाहन की सघन जांच की गई।
पुलिस की घेराबंदी से नहीं बच सका आरोपी
लगातार बढ़ते पुलिस दबाव और चौतरफा घेराबंदी के चलते आरोपी ज्यादा दूर नहीं भाग सका। पुलिस ने शिवपुरी जिले के मगरोनी क्षेत्र के जंगल से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से अपहृत मासूम कार्तिक उर्फ टिंकू को सकुशल बरामद कर लिया। इस पूरे अभियान को घटना के लगभग 12 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।
अब सामने आएगा अपहरण का असली कारण
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली है। आरोपी को ग्वालियर लाकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह सवाल सबसे अहम बना हुआ है कि आर्थिक रूप से बेहद कमजोर परिवार के बच्चे का अपहरण आखिर किस उद्देश्य से किया गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी





















