भोपाल: एमपी में बस सफर हुआ महंगा, 75 पैसे प्रति किलोमीटर बढ़ा किराया

भोपाल। किराया बढ़ने के बाद अब यात्रियों से दो रुपए प्रति किलोमीटर की दर से किराया लिया जाएगा। 100 किलोमीटर की यात्रा के लिए अब 125 रुपए के बजाय 200 रुपए चुकाने होंगे। यह फैसला मध्य प्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन की हड़ताल की चेतावनी के बाद लिया गया है। हालांकि एसोसिएशन ने अपनी अन्य मांगों को लेकर सरकार को अभी भी चेतावनी दे रखी है।
75 पैसे प्रति किलोमीटर बढ़ा बस किराया
परिवहन विभाग के फैसले के अनुसार बस किराए में 75 पैसे प्रति किलोमीटर की वृद्धि की गई है। इसके बाद यात्रियों से अब दो रुपए प्रति किलोमीटर की दर से किराया वसूला जाएगा। सरकार ने इस संबंध में आधिकारिक नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है। नए किराए का असर प्रदेशभर में बस से यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों पर पड़ेगा।

100 किलोमीटर के सफर पर देना होगा 200 रुपए किराया
नए किराया लागू होने के बाद 100 किलोमीटर की यात्रा करने वाले यात्री को अब 200 रुपए का किराया देना होगा। पहले इसी दूरी के लिए 125 रुपए चुकाने पड़ते थे। यानी अब यात्रियों पर 75 रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। बढ़े हुए किराए से आम यात्रियों की जेब पर सीधा असर देखने को मिलेगा।

हड़ताल की चेतावनी के बाद सरकार का फैसला
सोमवार को मध्य प्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन की परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक हुई थी। बैठक में किराया बढ़ाने पर सहमति बनी थी, जिस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की भी मंजूरी बताई गई। इसके बाद सरकार ने किराया बढ़ाने का निर्णय लागू कर दिया। इस फैसले को 7 अगस्त से प्रस्तावित बस हड़ताल टालने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
बस संचालकों की अन्य मांगें अब भी बरकरार
मध्य प्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संतोष पांडेय ने कहा कि पिछले पांच वर्षों से किराया नहीं बढ़ाया गया था, जिससे छोटे बस संचालकों के लिए डीजल का खर्च निकालना भी मुश्किल हो गया था। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन ने सरकार के सामने पांच मांगें रखी हैं। इनमें मुख्यमंत्री सुगम बस परिवहन सेवा के तहत 40 रूटों पर जारी नोटिफिकेशन को निरस्त करने की मांग भी शामिल है। यदि निजी बसों को इन रूटों पर संचालन की अनुमति नहीं मिली तो 7 अगस्त की रात 12 बजे से हड़ताल करने का निर्णय लागू किया जा सकता है।












