MP में भाजपा मनाएगी 'बूथ गौरव दिवस' :धारा 370 हटाने की उपलब्धि और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की स्मृति में होंगे विशेष कार्यक्रम

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर देशभर में विशेष अभियान चलाने का फैसला किया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी पत्र के अनुसार 23 जून से 6 जुलाई तक 'डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी संस्मरण पक्ष' मनाया जाएगा। मध्य प्रदेश में भी इस अभियान को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी की गई है।
बूथ गौरव दिवस और वैचारिक कार्यक्रम होंगे
मध्य प्रदेश भाजपा इस पखवाड़े को बूथ स्तर तक ले जाएगी। इस दौरान 'बूथ गौरव दिवस' मनाया जाएगा और विभिन्न स्थानों पर वैचारिक व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। केंद्रीय संचालन समिति में प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह को भी शामिल किया गया है, जो प्रदेश में कार्यक्रमों की निगरानी करेंगे।
धारा 370 हटाने पर रहेगा विशेष फोकस
इस अभियान का मुख्य विषय जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने को बनाया गया है। विभिन्न व्याख्यानों और सम्मेलनों के माध्यम से कार्यकर्ताओं और आम लोगों को बताया जाएगा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धारा 370 हटाकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के अखंड भारत के सपने को पूरा किया गया। कार्यक्रमों के जरिए 'राष्ट्र प्रथम' के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
ऐसे मनेगा बूथ गौरव दिवस
क्या होगा?
मध्य प्रदेश के सभी बूथों पर इस बार 'बूथ गौरव दिवस' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कब होगा?
23 जून (बलिदान दिवस) और 6 जुलाई (जन्म जयंती) के अवसर पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कौन शामिल होंगे?
बूथ समिति के सदस्य, प्राथमिक सदस्य और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहेंगे।
कहां होगा?
बूथ अध्यक्ष के निवास पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान पर आधारित कार्यक्रम और संबोधन आयोजित किए जाएंगे।
जिला स्तर पर होंगे कार्यकर्ता सम्मेलन
प्रदेश के सभी जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इनमें अलग-अलग वक्ता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सामाजिक और राजनीतिक योगदान, केंद्रीय मंत्री के रूप में उनके कार्यों तथा भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष के रूप में उनकी भूमिका पर प्रकाश डालेंगे।
छात्रों को जोड़ने के लिए होंगे विशेष सम्मेलन
युवा पीढ़ी को भाजपा की विचारधारा से जोड़ने के लिए प्रदेश के प्रमुख शैक्षणिक केंद्रों के बाहर छात्र सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश के अनुसार ये कार्यक्रम शैक्षणिक परिसरों के बाहर होंगे। इन आयोजनों की जिम्मेदारी भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) को सौंपी गई है।
टोलियों का किया जाएगा गठन
अभियान को धरातल पर उतारने के लिए त्रि-स्तरीय टोलियों (कमेटियों) का गठन किया जाएगा।
प्रदेश स्तर
प्रदेश स्तर पर एक वरिष्ठ कार्यकर्ता की कमान में 5 सदस्यीय टोली रहेगी।
जिला स्तर
प्रत्येक जिले में 4 सदस्यीय टोली रहेगी।
मंडल स्तर
प्रत्येक मंडल स्तर पर 3 सदस्यीय टोली बनाई जाएगी।
बैठकें
प्रदेश स्तरीय वर्चुअल बैठक और जिला स्तरीय बैठकें होंगी।
जिम्मेदारियां
प्रदेश भाजपा के सभी पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और संगठन महामंत्रियों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
शहरों में होगा नामकरण और प्रतिमा अनावरण
अभियान के दौरान प्रदेश के विभिन्न शहरों और नगरों में किसी प्रमुख चौराहे, पार्क या सड़क का नाम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर रखा जाएगा। साथ ही उनकी प्रतिमा या चित्र का अनावरण भी किया जाएगा।
हर बूथ पर चलेगा वृक्षारोपण अभियान
मानसून को देखते हुए भाजपा ने पर्यावरण संरक्षण को भी अभियान का हिस्सा बनाया है। इसके तहत प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।











