Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

उज्जैन के होटल में बड़ा हादसा, चैंबर की सफाई करने उतरे 4 लोगों की मौत

मध्य प्रदेश के उज्जैन में श्री गंगा होटल के चैंबर की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अंदर उतरे चार लोगों की दम घुटने की आशंका के बीच मौत हो गई। करीब डेढ़ घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शव बाहर निकाले गए। बचाव के लिए पहुंचे अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
उज्जैन के होटल में बड़ा हादसा, चैंबर की सफाई करने उतरे 4 लोगों की मौत
सफाई के लिए चैंबर में उतरे 4 लोग, बाहर निकले तो थम चुकी थीं सांसें

मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक होटल में सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। उज्जैन-देवास रोड स्थित श्री गंगा होटल के चैंबर की सफाई करने उतरे चार लोगों की अंदर फंसने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही माधव नगर थाना पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं, उन्हें बचाने के लिए चैंबर में उतरे अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

होटल के चैंबर की सफाई के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, रात के समय श्री गंगा होटल के ओवरग्राउंड चैंबर की सफाई होनी थी। इसके लिए चार सफाईकर्मी चैंबर के अंदर उतरे थे। इसी दौरान चारों वहां फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। घटना की जानकारी मिलने पर माधव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीम के सामने सबसे बड़ी परेशानी चैंबर का गेट खोलने की थी। काफी कोशिशों के बाद भी जब गेट नहीं खुला तो थाना प्रभारी गजेंद्र पचोरिया ने पास में चल रहे निर्माण कार्य से कटर मशीन मंगवाई। इसकी मदद से चैंबर का गेट काटकर रास्ता बनाया गया। करीब डेढ़ घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चारों लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

हादसे में इन लोगों की हुई मौत

इस हादसे में जान गंवाने वालों में कमलेश तंबोली, नितिन वाहिद और मनोज मीणा के नाम सामने आए हैं। वहीं, चौथे मृतक की पहचान की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

बचाने पहुंचे लोगों की भी बिगड़ी तबीयत

हादसे के दौरान फंसे लोगों को बचाने के लिए कुछ अन्य लोग भी चैंबर के अंदर उतरे थे। बताया जा रहा है कि हेमराज नाम का एक सफाईकर्मी भी उन्हें बचाने पहुंचा था। हालांकि, अंदर जाने के बाद उसे घबराहट और बेहोशी महसूस होने लगी, जिसके बाद वह बाहर निकल आया। इसके अलावा बचाव अभियान के दौरान चैंबर में उतरे दो अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ गई। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है।

ये भी पढ़ें: धार के सांदीपनि विद्यालय में छात्रों का प्रदर्शन, प्रिंसिपल पर अभद्रता के आरोप; सोमवार तक मांगें नहीं मानीं तो 45 किमी पैदल मार्च की चेतावनी

होटल मालिक ने हादसे पर क्या कहा?

घटना के बाद होटल मालिक चेतन गुप्ता ने बताया कि इससे पहले भी इन्हीं लोगों ने होटल के चैंबर की सफाई की थी। इस बार हादसा कैसे हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि सफाई के काम के लिए ही सभी लोगों को बुलाया गया था। घटना की सूचना मिलने पर उज्जैन के एसपी प्रदीप शर्मा और कलेक्टर रोशन कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। एसपी ने रेस्क्यू टीम को जरूरी निर्देश दिए और बचाव अभियान की जानकारी ली।

जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी, जांच में सामने आएगी वजह

इस हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर चैंबर के अंदर चारों लोग कैसे फंस गए? शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि चैंबर में जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। चैंबर के अंदर मौजूद परिस्थितियों और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही चार लोगों की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts