लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह का डोलरिया स्कूल में औचक निरीक्षण, 100% बोर्ड रिजल्ट का दिया लक्ष्य

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह ने नर्मदापुरम जिले के माखननगर विकासखंड स्थित शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय डोलरिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर का आकलन किया, शिक्षकों की पढ़ाई की गुणवत्ता देखी और बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और शिक्षकों को वर्ष 2026-27 की बोर्ड परीक्षाओं में 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से पूछे सवाल
निरीक्षण के दौरान आयुक्त अभिषेक सिंह ने कक्षा 9 की गणित कक्षा में विद्यार्थियों से परिमेय संख्याओं से जुड़े प्रश्न हल कराए। विद्यार्थियों ने ब्लैकबोर्ड पर सवालों का सही समाधान प्रस्तुत किया, जिस पर उन्होंने उनकी सराहना की। कक्षा 12 में रसायन विज्ञान की कक्षा में उन्होंने विलयन, विलायक और विलेय से जुड़े प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों ने संतोषजनक उत्तर दिए, जिसके बाद आयुक्त ने उन्हें बेहतर अंक प्राप्त करने के लिए मार्गदर्शन भी दिया।
अर्थशास्त्र की कक्षा में खुद बने शिक्षक
निरीक्षण के दौरान कक्षा 12 की अर्थशास्त्र कक्षा में आयुक्त स्वयं ब्लैकबोर्ड के सामने पहुंचे और शिक्षक की भूमिका निभाते हुए मांग और आपूर्ति विषय को विस्तार से समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रश्न भी पूछे, जिनका जवाब छात्रों ने आत्मविश्वास के साथ दिया। इस पर आयुक्त ने विद्यार्थियों की तैयारी की प्रशंसा की।
संविधान के मौलिक अधिकारों पर विद्यार्थियों से चर्चा
कक्षा 11 की राजनीति विज्ञान की कक्षा में विद्यार्थियों से संविधान के मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों पर चर्चा की गई। आयुक्त ने छात्रों से कई प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सही उत्तर दिया। विद्यार्थियों की समझ और सहभागिता से संतुष्ट होकर उन्होंने उनकी सराहना की।
शिक्षकों को दिए अनुशासन और बेहतर परिणाम के निर्देश
निरीक्षण के बाद आयुक्त ने विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य और शिक्षकों की बैठक ली। उन्होंने सभी शिक्षकों को अपने-अपने विषय में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने का लक्ष्य तय करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय में अनुशासन, नियमित अध्ययन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
ये भी पढ़ें: शराब के नशे में दोस्त को मौत के घाट उतार तलाई में गाड़ दिया शव
स्कूल परिसर में जल निकासी और पेयजल व्यवस्था सुधारने के निर्देश
आयुक्त ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण करते हुए बारिश के दौरान जलभराव की समस्या पर चिंता जताई। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी एल.एन. प्रजापति को परिसर में जल निकासी की उचित व्यवस्था और विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
गैर-शैक्षणिक कार्य में लगे तीन शिक्षकों की संलग्नीकरण समाप्त
निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि माखननगर तहसील कार्यालय में तीन शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाया गया है। इस पर आयुक्त अभिषेक सिंह ने श्री कृष्ण कुमार बरकरे, श्री संतोष कुमार तिवारी और श्री राजेश कुमार मालवीय की संलग्नीकरण तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के निर्देश दिए और उन्हें उनकी मूल शैक्षणिक संस्थाओं में वापस भेजने का आदेश दिया। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी शिक्षक को गैर-शैक्षणिक कार्य में नहीं लगाया जाए। यदि कोई शिक्षक ऐसे कार्य में संलग्न पाया जाता है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: 15 गालों से तार चोरी का खुलासा, किसानों की सतर्कता से छोटा बेटमा के गोदाम तक पहुंची पुलिस
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शिविर का भी किया निरीक्षण
आयुक्त अभिषेक सिंह ने इसके बाद सिवनी मालवा के गुवाड़ी में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शिविर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली और विभागीय अधिकारियों को इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने दोहराया कि वर्ष 2026-27 की बोर्ड परीक्षाओं में जिले का परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत लाने के लिए सभी अधिकारी और शिक्षक समन्वय के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान संयुक्त संचालक अरुण कुमार इंगले, जिला शिक्षा अधिकारी एल.एन. प्रजापति, जिला परियोजना समन्वयक डॉ. राजेश कुमार जायसवाल, एडीपीसी राजेश गुप्ता सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।\
Edited By: Sumit Shrivastava












