सूख रहा है कड़ी पत्ते का पौधा? ये देसी तरीके ला सकते हैं नई हरियाली, ऐसे करें देखभाल

अगर आपके घर में लगा कड़ी पत्ते का पौधा लंबा तो हो रहा है, लेकिन उसमें नई पत्तियां और शाखाएं नहीं आ रहीं, तो इसकी वजह आपकी छोटी-सी गलती भी हो सकती है। कई लोग पत्तियां तोड़ते समय सिर्फ पत्तियां खींच लेते हैं, जिससे पौधे की ग्रोथ प्रभावित हो सकती है। गार्डनिंग एक्सपर्ट सूरज अग्रवाल ने पौधे को घना और हरा-भरा बनाने के कुछ आसान तरीके बताए हैं।
पत्तियां तोड़ने का तरीका बदलें
कड़ी पत्ते से पत्तियां निकालते समय सिर्फ पत्ती खींचकर न तोड़ें। एक्सपर्ट के मुताबिक, पत्तियों को उनकी पूरी डंठल या तने के साथ नीचे से काटना बेहतर होता है। सिर्फ पत्तियां तोड़ने पर खाली डंठल पौधे में रह जाता है, जो धीरे-धीरे सूख सकता है और नई ग्रोथ को प्रभावित कर सकता है। इसलिए अगली बार कड़ी पत्ता तोड़ते समय इस छोटी बात का ध्यान जरूर रखें।
पौधा लंबा है, लेकिन घना नहीं? करें ये काम
अगर आपका पौधा ऊपर की तरफ बढ़ रहा है, लेकिन नीचे से काफी खाली दिखाई देता है, तो हल्की कटिंग उसकी ग्रोथ में मदद कर सकती है। पौधे की लंबाई के हिसाब से ऊपर से करीब आधा से एक इंच हिस्सा काट दें। इससे नीचे की तरफ नई शाखाएं निकलने का मौका मिलता है और पौधा धीरे-धीरे घना होने लगता है। कटिंग के बाद पौधे में खाद देना भी जरूरी है।
गोबर की खाद से मिलेगी नई ग्रोथ
पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए गोबर की खाद का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए पहले गोबर को अच्छी तरह सुखा लें। फिर इसे पानी में भिगोकर रातभर के लिए छोड़ दें। अगले दिन इस पानी को पौधे की मिट्टी में डाल सकते हैं। हालांकि खाद का इस्तेमाल जरूरत से ज्यादा न करें, क्योंकि बहुत अधिक खाद भी पौधे के लिए नुकसानदायक हो सकती है।
ये भी पढ़ें: नैनीताल में दूषित पानी से दो लोगों की मौत, छह इंजीनियर निलंबित
कीड़े लग गए हैं तो एलोवेरा आएगा काम
अगर कड़ी पत्ते के पौधे पर कीड़े नजर आने लगे हैं, तो एक्सपर्ट ने एलोवेरा से तैयार घोल इस्तेमाल करने का तरीका बताया है। इसके लिए एलोवेरा का पल्प निकालकर पीस लें और पानी में मिला दें। इसमें एक चम्मच चाय पत्ती डालकर इस मिश्रण को रातभर छोड़ दें। अगले दिन इसे छानकर पौधे की पत्तियों पर स्प्रे किया जा सकता है। इसके अलावा इस घोल को पौधे की मिट्टी में भी डाल सकते हैं। इससे पौधे की देखभाल में मदद मिल सकती है। ध्यान रखें कि एलोवेरा वाले घोल और गोबर के पानी को एक ही दिन इस्तेमाल न करें। दोनों के बीच करीब एक दिन का अंतर रखें।
दोपहर की तेज धूप से बचाएं
कड़ी पत्ते के पौधे को हरा-भरा रखने में धूप की भी बड़ी भूमिका है। पौधे को ऐसी जगह रखें, जहां सुबह या शाम करीब 2 से 3 घंटे की धूप मिल सके। वहीं, दोपहर की तेज धूप से पौधे को बचाना बेहतर माना जाता है। सही कटिंग, खाद, कीड़ों से बचाव और उचित धूप का ध्यान रखकर कड़ी पत्ते के पौधे को ज्यादा घना और हरा-भरा रखने में मदद मिल सकती है।




















