Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

‘पेमेंट मांगा तो मिली जान से मारने की धमकी’,अभिनेता सत्येंद्र सोनी के समर्थन में उतरी AICWA, FIR दर्ज करने की मांग

‘लापता लेडीज’ फेम अभिनेता सत्येंद्र सोनी के पेमेंट विवाद ने तूल पकड़ लिया है। अब AICWA भी उनके समर्थन में आ गई है। संस्था ने मध्य प्रदेश सरकार से FIR दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कलाकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। जानिए पूरा मामला।
अभिनेता सत्येंद्र सोनी के समर्थन में उतरी AICWA, FIR दर्ज करने की मांग

फिल्म ‘लापता लेडीज’ से पहचान बनाने वाले अभिनेता सत्येंद्र सोनी का पेमेंट विवाद अब बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। शूटिंग के बाद मेहनताना नहीं मिलने और पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोपों के बीच अब ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) भी उनके समर्थन में खुलकर सामने आ गई है। संस्था ने मध्य प्रदेश सरकार से मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कराने, निष्पक्ष जांच कराने और फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले कलाकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। AICWA के समर्थन के बाद यह विवाद और गंभीर हो गया है।

AICWA ने सरकार से की सख्त कार्रवाई की मांग

AICWA ने सोशल मीडिया पर जारी अपने आधिकारिक बयान में कहा कि अभिनेता सत्येंद्र सोनी ने सार्वजनिक रूप से आरोप लगाया है कि उन्हें फिल्म ‘पेड पालकी’ की शूटिंग के लिए मैहर बुलाया गया था। उन्होंने करीब आठ दिन तक शूटिंग की, लेकिन तय भुगतान नहीं किया गया। संस्था का कहना है कि कलाकार को सिर्फ 50 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे, जबकि बाकी रकम रोक ली गई। जब उन्होंने अपना बकाया मांगा तो कथित तौर पर उन्हें धमकाया गया। संस्था ने कहा कि यह मामला सिर्फ एक कलाकार का नहीं, बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले कलाकारों और तकनीशियनों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा है।

‘काम कराया, लेकिन मेहनताना नहीं दिया’

AICWA ने अपने बयान में कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में कई बार कलाकारों और कर्मचारियों को बड़े वादे करके बुलाया जाता है, लेकिन काम पूरा होने के बाद समय पर भुगतान नहीं किया जाता। कई मामलों में अपने हक के पैसे मांगने पर उन्हें डराया-धमकाया भी जाता है। संस्था ने कहा कि किसी भी कलाकार के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता। AICWA ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से अपील की है कि वह पुलिस को निर्देश दें ताकि अभिनेता के आरोपों के आधार पर फिल्म के निर्माता और निर्देशक के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

Breaking News

सत्येंद्र सोनी ने लगाए ये गंभीर आरोप

सत्येंद्र सोनी ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने दावा किया कि उन्हें फिल्म ‘पेड पालकी’ की शूटिंग के लिए मैहर बुलाया गया था। उनके मुताबिक, फिल्म के निर्माता और निर्देशक पुष्पेंद्र सिंह हैं, जिन्होंने इससे पहले ‘अजमेर 92’ का निर्देशन किया था। अभिनेता का आरोप है कि उन्हें सिर्फ 50 हजार रुपये एडवांस दिए गए और बाकी भुगतान शूटिंग के दौरान करने का वादा किया गया था। उन्होंने बताया कि उनकी 10 दिन की शूटिंग तय थी। सात-आठ दिन काम करने के बाद भी पैसे नहीं मिले। जब उन्होंने बकाया रकम मांगी तो उन्हें तुरंत होटल छोड़ने के लिए कहा गया।

Twitter Post

‘10 मिनट में होटल छोड़ दो, नहीं तो जान से मार देंगे’

सत्येंद्र सोनी ने आरोप लगाया कि निर्माता-निर्देशक पुष्पेंद्र सिंह ने उन्हें धमकी देते हुए कहा कि 10 मिनट में होटल छोड़ दो, अगर होटल में दिखाई दिए तो जान से मार देंगे। अभिनेता ने यह भी दावा किया कि फिल्म की अभिनेत्री प्रगति चौहान, जो निर्देशक की पत्नी भी हैं, ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और गालियां दीं। सत्येंद्र के मुताबिक, हालात इतने तनावपूर्ण हो गए थे कि उन्हें तुरंत होटल छोड़ना पड़ा। उन्होंने बताया कि अभिनेता श्रीधर दुबे और पंकज शर्मा भी उनके साथ वहां से निकल आए थे।

ये भी पढ़ें: CJP Protest: जंतर मंतर पर सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल शुरू, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

कई चर्चित फिल्मों में नजर आ चुके हैं सत्येंद्र

सत्येंद्र सोनी लंबे समय से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। उन्होंने लापता लेडीज, डॉक्टर जी, बवाल, रात अकेली है: द बंसल मर्डर्स और टीवी शो ‘हेलो बच्चो’ जैसे कई प्रोजेक्ट में काम किया है। उन्हें सबसे ज्यादा पहचान लापता लेडीज में निभाए गए ‘छोटू’ के किरदार से मिली। आने वाले समय में वह ‘मिर्जापुर: द फिल्म’ में भी नजर आने वाले हैं।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...

Latest Posts