Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कुबेरेश्वरधाम में शुक्रवार से गुरु महोत्सव:कथा के एक दिन पहले पंडाल हाउसफुल, लाखों श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब

सीहोर के कुबेरेश्वरधाम में शुक्रवार 24 जुलाई से गुरु महोत्सव शुरू हो रहा है। भारी भीड़ से पंडाल, होटल और धर्मशालाएं भर गईं, जबकि प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं।
सुबह से देर रात तक जारी भक्तों का आगमन

सीहोर। जिला मुख्यालय के समीप स्थित प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम में शुक्रवार 24 जुलाई से पांच दिवसीय गुरु महोत्सव का शुभारंभ हो रहा है। आयोजन शुरू होने से एक दिन पहले ही यहां आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि कथा पंडाल पूरी तरह हाउसफुल हो गया। इतना ही नहीं, आसपास की होटल, धर्मशालाएं और ठहरने के अधिकांश स्थान भी श्रद्धालुओं से भर चुके हैं। देशभर से लगातार पहुंच रहे भक्तों को देखते हुए जिला प्रशासन और विठलेश सेवा समिति ने आयोजन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।

एक दिन पहले ही उमड़ी भारी भीड़

गुरु महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में असाधारण उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन शुरू होने से पहले ही हजारों भक्त कुबेरेश्वरधाम पहुंच चुके हैं, जिससे कथा स्थल पर विशेष चहल-पहल बनी हुई है। गुरुवार तक स्थिति यह हो गई कि कथा पंडाल श्रद्धालुओं से पूरी तरह भर गया। आसपास के ठहराव स्थलों पर भी जगह कम पड़ने लगी, जिससे साफ है कि इस बार महोत्सव में रिकॉर्ड संख्या में भक्तों की मौजूदगी रहने की संभावना है।

पांच दिन कथा, फिर गुरु दीक्षा महोत्सव

समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा के अनुसार, गुरु महोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार से 28 जुलाई तक शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 29 जुलाई को एक दिवसीय गुरु दीक्षा महोत्सव आयोजित होगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां कई दिनों से चल रही थीं, लेकिन श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या ने आयोजन के महत्व को और भी बड़ा बना दिया है। धार्मिक दृष्टि से यह आयोजन क्षेत्र ही नहीं, देशभर के शिवभक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन गया है।

विशाल पंडाल और प्रसादी स्थल की व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगभग 1 लाख 80 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में स्थायी कथा पंडाल तैयार किया गया है, जहां भक्त शिव महापुराण कथा का श्रवण कर सकेंगे। इसके साथ ही करीब 50 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में विशाल भोजन प्रसादी स्थल बनाया गया है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था रहेगी। गुरुवार को अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा, समिति के पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला और अन्य सदस्यों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और प्रसादी सेवा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

धामनोद : चंद्रशेखर आजाद जन्मोत्सव पर संकल्प सभा, युवाओं से राष्ट्र, संस्कृति और गौ संरक्षण के लिए जागरूक रहने का आह्वान

प्रशासन ने संभाली मोर्चेबंदी

लाखों श्रद्धालुओं की संभावित उपस्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी विशेष मोर्चेबंदी की है। आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पार्किंग, चिकित्सा सेवाएं, पुलिस बल, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता और अन्य जरूरी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी लगातार निगरानी में जुटे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और महोत्सव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

प्रदीप मिश्रा ने दिया भक्ति और सदाचार का संदेश

गुरुवार को प्रवचन के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए शिव भक्ति का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि महादेव की भक्ति में जो खो गया, वह दुनिया की हर चिंता से मुक्त हो गया, क्योंकि शिव ही सच्ची शांति हैं। उन्होंने भगवान के नाम का निरंतर स्मरण करने, सेवा, सदाचार और मानवता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उनके संदेश ने उपस्थित श्रद्धालुओं में आध्यात्मिक ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।

सोहागपुर: MPPSC में अंजन दुबे ने हासिल की सफलता, सहायक अनुसंधान अधिकारी के पद पर हुआ चयन

सुबह से देर रात तक जारी भक्तों का आगमन

कुबेरेश्वरधाम में सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं का पहुंचना लगातार जारी है। पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल, भक्ति, सेवा और आयोजन की भव्यता साफ महसूस की जा रही है। गुरु महोत्सव को लेकर भक्तों में जो आस्था और उत्साह दिखाई दे रहा है, वह इस आयोजन को केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विशाल जनआस्था के उत्सव के रूप में स्थापित कर रहा है।

Edited By: Sumit Shrivastava

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...Read More

Latest Posts