धामनोद :चंद्रशेखर आजाद जन्मोत्सव पर संकल्प सभा, युवाओं से राष्ट्र, संस्कृति और गौ संरक्षण के लिए जागरूक रहने का आह्वान
सुनील सन्नी रिपोर्टर, धामनोद। नगर में क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद के जन्मोत्सव के अवसर पर श्री सनातन सारथी परिवार द्वारा बालाजी धर्मशाला परिसर में संकल्प सभा का आयोजन किया गया। सभा में वक्ताओं ने युवाओं से राष्ट्र, सनातन संस्कृति, गौ संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, युवा और नागरिक उपस्थित रहे।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती एवं चंद्रशेखर आजाद के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। सभा का संचालन रितेश पाटीदार एवं अधिवक्ता मयंक शर्मा ने किया। मुख्य वक्ता के रूप में दिल्ली से आए आचार्य अंकुर आर्य ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुनबी पटेल समाज के तहसील अध्यक्ष मुकेश मोदी ने की। इस अवसर पर संत परम पूज्य अच्युतानंद महाराज, अशोक जैन (धार भोज उत्सव समिति प्रभारी), पारस जैन तथा राजीव दीक्षित स्वदेशी मंच सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: देखरेख की दरकार: उपेक्षा का शिकार कटनी की ऐतिहासिक धरोहर, बिलहरी के प्राचीन विष्णु वाराह मंदिर के पास गंदगी का अंबार
गौ संरक्षण और सनातन संस्कृति पर दिया जोर
संत परम पूज्य अच्युतानंद महाराज ने अपने संबोधन में गौ संरक्षण का महत्व बताते हुए कहा कि जहां गौ माता सुरक्षित और सुखी होती हैं, वहां समृद्धि और सुख का वास होता है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति की सबसे बड़ी धरोहर गौ माता हैं और उनमें 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास माना जाता है। उन्होंने देश में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा इसके लिए केंद्र सरकार से कड़ा कानून बनाने की मांग की। साथ ही समाज से गौ सम्मान अभियान चलाने का आह्वान भी किया।
युवाओं से सामाजिक जागरूकता और पारिवारिक संवाद बढ़ाने की अपील
मुख्य वक्ता आचार्य अंकुर आर्य ने युवाओं और अभिभावकों से परिवार में संवाद बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि माता-पिता और भाई-बहनों को बच्चों के विचारों और उनकी गतिविधियों पर ध्यान देना चाहिए तथा उन्हें सही संस्कार और मार्गदर्शन देना चाहिए। अपने संबोधन में उन्होंने समाज को विभिन्न सामाजिक चुनौतियों के प्रति सतर्क रहने और युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
सनातन धर्म-संस्कृति से जुड़े रहें
गौरव जाट ने संकल्प सभा में सभी युवाओं से चंद्रशेखर आजाद, शाहिद भगत सिंह, महाराणा प्रताप व शिवाजी महाराज की जीवन गाथाओं पर प्रकाश डालने की बात कही। उन्होंने कहा सोशल मीडिया पर रील के चक्कर अपने आने वाली पीढ़ियों को सनातन धर्म - संस्कृति से दूर मत करो। यह नशा जिसे आप सिर्फ कुछ पल का आनंद समझ कर सेवन कर रहे हो। यह तुम्हारा जीवन नर्क बना देंगी। आज भोजशाला के लिए हिंदुओं को कितनी पीड़ाए कितने कष्ट झेलने पड़े है। जबकि भोजशाला का एक एक पत्थर, एक एक आधार स्तंभ चीख चीख कर कह रहे है की वह वाग्देवी की पूजन स्थल है। उसकेे बावजूद हमें वर्षों इंतज़ार करना पड़ा। तो आज तुम खुद को अपनी हिन्दू संस्कृति से दूर कर रहे। सभा के दौरान श्री सनातन सारथी परिवार द्वारा संकल्प सभा की अध्यक्षता मुकेश मोदी कुनबी पटेल समाज तहसील अध्यक्ष ने की। इस दौरान अशोक जैन धार, भोज उत्सव समिति प्रभारी और पारस जैन राजीव दीक्षित स्वदेशी मंच आदि उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें: Asha Dashami Vrat 2026 : कब है आशा दशमी व्रत? जानें शुभ मुहूर्त, महत्व, पूजा और नल-दमयंती की कथा

















