खिलचीपुर में बाइक चोरी का खुलासा: राजस्थान से आरोपी गिरफ्तार, नशे की लत ने बनाया चोर

खिलचीपुर। पुलिस के अनुसार आरोपी एमपी और राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में आता-जाता था और मौका देखकर बाइक चोरी करता था। चोरी की बाइक को राजस्थान ले जाकर बेच देता था और मिले पैसों से स्मैक खरीदकर नशा करता था।
राजस्थान से आरोपी मुकेश तंवर गिरफ्तार
खिलचीपुर पुलिस ने आरोपी मुकेश तंवर पिता राम सिंह तंवर निवासी मदनपुरिया, थाना घाटोली, जिला झालावाड़ को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की चार बाइक बरामद की हैं। कार्रवाई खिलचीपुर थाना प्रभारी कमल सिंह गहलोत सहित पुलिस टीम ने की है।
ये भी पढ़ें: प्रतिबंध के बाद भी बन रहा था एनालॉग पनीर, रुद्रांश डेयरी पर फिर छापा; 25 क्विंटल पनीर जब्त, जांच पर उठे सवाल
एमपी-राजस्थान में करता था बाइक चोरी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी मुकेश तंवर एमपी और राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में आता-जाता था। चोर मौका देखकर बाइक चोरी करता था। इसके बाद चोरी की बाइक राजस्थान ले जाकर बेच देता था।
नशे का आदी है आरोपी
पुलिस के मुताबिक, बाइक बेचकर आरोपी मुकेश तंवर को जो पैसे मिलते थे, उनसे वह स्मैक खरीदता और नशा करता था। पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी घाटोली थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ बाइक चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
ये भी पढ़ें: रायसेन: पारतलाई में बुलडोजर एक्शन, सरकारी जमीन से हटाया अतिक्रमण
चार थाना क्षेत्रों से चोरी हुई बाइक बरामद
आरोपी की निशानदेही पर बरामद चार बाइकों में राजगढ़ जिले के खिलचीपुर और माचलपुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई एक-एक बाइक शामिल है। इसके अलावा आगर मालवा जिले के सोयत और राजस्थान के झालावाड़ जिले के खानपुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई एक-एक बाइक भी बरामद की गई है। पुलिस अब आरोपी से अन्य चोरी की घटनाओं को लेकर पूछताछ कर रही है।





















