खेड़ी महमूदाबाद में सरकारी जमीन से हटाया अतिक्रमण, टीनशेड गिराया
मुख्यालय से सटे खेड़ी महमूदाबाद में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। अतिक्रमण की सूचना मिलने के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और सरकारी जमीन पर बनाए गए अस्थायी टीनशेड को हटा दिया। साथ ही अतिक्रमणकर्ता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने जिले में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण रोकने और पहले से किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए राजस्व अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के बाद हरदा सहित जिले की सभी तहसीलों में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज की गई है।
सूचना मिलते ही राजस्व अमला पहुंचा
इसी अभियान के तहत शनिवार को तहसील हरदा के ग्राम खेड़ी महमूदाबाद में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की सूचना मिली। इसके बाद राजस्व विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। यहां मूलचंद पिता बाबूलाल श्रीवास द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। राजस्व अमले ने मौके पर बनाए गए अस्थायी टीनशेड को धाराशायी कर दिया और शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार महेंद्र सिंह चौहान पूरे समय मौके पर मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: चोरी की गाड़ियों का कबाड़ कारोबार!12 इंजन बरामद
अतिक्रमणकर्ता पर जुर्माने और सिविल जेल की कार्रवाई की तैयारी
तहसीलदार महेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि अतिक्रमणकर्ता के खिलाफ जुर्माना एवं सिविल जेल की कार्रवाई के संबंध में प्रकरण दर्ज कर प्रक्रिया की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश हैं कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने के प्रयासों को गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसे मामलों में नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: बेगमगंज में खूनी संघर्ष; धारदार हथियार और लाठी-डंडे चले,8 घायल 3 की हालत गंभीर
सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज
जिले में शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए राजस्व विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अतिक्रमण की निगरानी करने और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।














