Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Rajya Sabha :वो मोहब्बत हमारे साथ किए, शादी मोदी साहब के साथ...जब खड़गे बोले तो ठहाकों से गूंज उठी राज्यसभा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जब भी बोलते हैं उनकी बात को बड़े गौर से सुना जाता है। राज्यसभा में सांसदों के विदाई समारोह के दौरान भी ऐसा ही कुछ हुआ। खड़गे ने एचडी देवेगौड़ा पर तंज कसा, जिससे सदन में ठहाके गूंज उठे।
वो मोहब्बत हमारे साथ किए, शादी मोदी साहब के साथ...जब खड़गे बोले तो ठहाकों से गूंज उठी राज्यसभा
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    नई दिल्ली। राज्यसभा में बुधवार को रिटायर हो रहे सदस्यों की विदाई का मौका भावुकता और सौहार्द का मिश्रण बन गया। गंभीर माहौल के बीच नेताओं के हल्के-फुल्के अंदाज ने सदन को मुस्कुराने का मौका भी दिया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने संबोधन में जहां राजनीति के सतत सफर की बात की, वहीं पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के साथ अपनी पुरानी दोस्ती का जिक्र करते हुए माहौल को हल्का कर दिया।

    Twitter Post

    दोस्ती का जिक्र और हल्का-फुल्का तंज

    खड़गे ने कहा कि राजनीति और सार्वजनिक जीवन में लोग कभी थकते नहीं और सच में रिटायर भी नहीं होते, क्योंकि राष्ट्र सेवा की भावना उन्हें हमेशा आगे बढ़ाती रहती है। उन्होंने देवेगौड़ा के साथ अपने 54 साल से ज्यादा पुराने रिश्ते को याद करते हुए कहा कि दोनों ने लंबे समय तक साथ काम किया है। इसी दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में तंज कसते हुए कहा, 'बाद में पता नहीं क्या हो गया, वो मोहब्बत हमारे साथ किए, शादी मोदी साहब के साथ।' उनके इस बयान पर सदन में ठहाके गूंज उठे, खासकर जब यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में कही गई। खड़गे ने शायराना अंदाज में यह भी कहा 'विदाई तो है दस्तूर जमाने का पुराना, पर जहां भी जाना, अपनी छाप कुछ ऐसे छोड़ जाना…कि हर कोई गुनगुनाए आपका ही तराना !!'

    Featured News

    राजनीति में फुल स्टॉप नहीं होता

    इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रिटायर हो रहे सांसदों को धन्यवाद देते हुए उनके योगदान की सराहना की। अप्रैल से जुलाई के बीच राज्यसभा से सेवानिवृत्त हो रहे 59 सांसदों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, 'राजनीति में फुल स्टॉप जैसी कोई चीज नहीं होती। भविष्य आपका भी इंतजार कर रहा है, और आपका अनुभव हमेशा हमारे राष्ट्रीय जीवन का स्थायी हिस्सा रहेगा।' पीएम के इस बयान ने विदाई को नई ऊर्जा और सकारात्मक संदेश से भर दिया।

    अठावले जी वास्तव में सदाबहार हैं

    प्रधानमंत्री मोदी ने नए सांसदों को सलाह दी कि वे देवेगौड़ा, खड़गे और शरद पवार जैसे अनुभवी नेताओं से सीखें, जिन्होंने अपना अधिकांश जीवन संसदीय सेवा को समर्पित किया है। इसी क्रम में उन्होंने केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले का जिक्र करते हुए कहा, 'हमारे अठावले जी वास्तव में सदाबहार हैं। वह जा रहे हैं, फिर भी मुझे विश्वास है कि कोई खालीपन महसूस नहीं करेगा, वह लगातार सेवाएं देते रहेंगे।' उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि कुछ सेवानिवृत्त सदस्य पुराने और नए, दोनों संसद भवनों में काम कर चुके हैं, जो उनके अनुभव को और समृद्ध बनाता है।

    कांग्रेस से मेरी ‘मजबूरी की शादी’ हुई थी, लेकिन मुझे ‘तलाक’ लेना पड़ा' : देवेगौड़ा

    खड़गे की बात का पूर्व प्रधानमंत्री और जनता दल सेकुलर के अध्यक्ष एचडी देवेगौड़ा ने जवाब दिया। एक बयान में उन्होंने कहा कि मेरे प्रिय और पुराने मित्र मल्लिकार्जुन खर्गे ने आज संसद में हल्के-फुल्के अंदाज़ में टिप्पणी की कि मैं कांग्रेस से प्यार करता था, लेकिन अंततः मोदी जी (भाजपा) से ‘शादी’ कर ली। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इसका कारण नहीं पता... अगर मुझे अपने मित्र को शादी की भाषा में ही जवाब देना हो, तो मैं कहना चाहूंगा कि कांग्रेस से मेरी ‘मजबूरी की शादी’ हुई थी, लेकिन मुझे उनसे तलाक लेना पड़ा क्योंकि यह एक अपमानजनक रिश्ता था... मैंने कांग्रेस गठबंधन नहीं छोड़ा। वे ही मुझसे दूर चले गए। उन्होंने मुझे उनसे तलाक लेने और अधिक स्थिर गठबंधन तलाशने के अलावा कोई विकल्प नहीं छोड़ा।

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

    Latest Posts